नागपुर में नया विधान भवन, 1002 करोड मंजूर

दो चरणों में होगा निर्माण, 2028 की डेडलाइन

* सीएम की अध्यक्षता की कमिटी ने दी स्वीकृति
नागपुर/दि.3 – उपराजधानी में विधान मंडल के नये भवन निर्माण को आखिरकार स्वीकृति मिल गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षतावाली उच्च स्तरीय समिति ने गुरुवार को नये विधान भवन निर्माण हेतु दो चरणों में 662 और 340 करोड के खर्च को प्रशासकीय और शासकीय स्वीकृति दी. नये विधान भवन के निर्माण की डेडलाइन 2028 रखी गई है. वर्तमान विधानभवन के परिसर में ही 2 चरणों में निर्माण होगा. मौजूदा संख्या से अधिक सदस्यों की बैठक क्षमता के विधान भवन के साथ ही बगल में ही सचिवालय बनने वाला है.
जानकारी के अनुसार विधान भवन परिसर के प्लॉट 1 को नये भवन के लिए मंजूर किया गया है. इस पर जीएसटी और अन्य टैक्स सहित 662 करोड 89 लाख रुपए खर्च अपेक्षित है. प्लॉट 2 पर नया प्रशासकीय भवन बनने वाला है. इस भवन में मान्यता प्राप्त दलों के कार्यालय के साथ ही विधान भवन का सचिवालय रहेगा. इसके लिए समान शब्दों पर 340 करोड खर्च की मंजूरी दी गई है.
एमएसआईडीसी एजेंसियों के माध्यम से विधान भवन का निर्माण करेगी. शीघ्र ही टेंडर जारी होंगे. सचिव समिति के साथ एमएसआईडीसी तालमेल रखकर विधान भवन का निर्माण पूर्ण करवाएगी. सचिवालय ने प्रशासनीक मंजूरी आदेश जारी करने और निधि उपलब्ध करवाने की बात कही हैं. टेंडर प्रक्रिया अतिशीघ्र शुरु होने की संभावना है. अगले दो वर्षों में भवन निर्माण पूर्ण करने के लिए कहा गया है. संबंधित मंजूरी शीघ्रता से देने के निर्देश हैं. उल्लेखनीय है कि, उपराजधानी नागपुर में केवल शीतसत्र होता है. फिर भी अनेक वर्षों से नये विधान भवन की डिमांड उठाई जा रही थी. शीघ्र होने वाली जनसंख्या के आधार पर विधानसभा सीटों का नये सिरे से परिसीमन होना है. महिला सदस्यों की संख्या बढाई जानी है. कम से कम 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं की रहेगी.

Back to top button