नवनियुक्त विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने स्वीकारा पदभार

पदभार स्वीकारते ही चुनावी ड्यूटी के लिए तमिलनाडू रवाना

* आयुक्त गुंडे ने किसान आत्महत्या रोकने बचत गुटों के जरिए समृद्धि लाने पर जोर देने की बात कही
अमरावती/दि.30- अमरावती राजस्व संभाग की नवनियुक्त आयुक्त नयना गुंडे ने कल रविवार 29 मार्च को सरकारी अवकाश वाले दिन अमरावती पहुंचकर अपनी नई नियुक्ति एवं जिम्मेदारी के सूत्र स्वीकार किए. इस समय उन्होंने किसान आत्महत्याओं हेतु कुख्यात पश्चिम विदर्भ क्षेत्र में किसान आत्महत्याओं को रोकने हेतु बचत गुटों के जरिए किसान परिवारों में समृद्धि लाने पर जोर देने की बात कही. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, वे इससे पहले भी विदर्भ क्षेत्र में गोंदिया जिलाधीश के तौर पर काम कर चुकी है. जिसके चलते उन्हें विदर्भ क्षेत्र की समस्याओं के बारे में पूरी जानकारी है. अत: वे अपने पुराने अनुभवों को ध्यान में रखते हुए अमरावती संभाग की राजस्व आयुक्त के तौर पर संभाग में शामिल पांचों जिलों की बेहतरी के लिए काम करेगी. खास बात यह भी रही कि, अमरावती की नई संभागीय राजस्व आयुक्त के तौर पर अपना पदभार स्वीकार करते ही नवनियुक्त आयुक्त नयना गुंडे तुरंत ही तमिलनाडू के लिए रवाना होगी, जहां पर उन्हें आगामी अप्रैल माह के दौरान एक ही चरण में होनेवाले चुनाव में निर्वाचन निरीक्षक के तौर पर काम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सूत्रों के मुताबिक इससे पहले राज्य की महिला व बालविकास आयुक्त के तौर पर पुणे में पदस्थ रही नयना गुंडे की तमिलनाडू विधानसभा के चुनाव हेतु निर्वाचन निरीक्षक के तौर पर नियुक्ति उनका पुणे से अमरावती तबादला होने से पहले ही की गई थी. जिसके चलते तबादला होते ही अमरावती पहुंचकर विभागीय आयुक्त के तौर पर अपना पदभार ग्रहण करने के तुरंत पश्चात आयुक्त नयना गुंडे तमिलनाडू के लिए रवाना हो गई. जहां पर 23 अप्रैल को होनेवाले मतदान पश्चात आयुक्त नयना गुंडे की 25 अप्रैल को अमरावती वापसी होगी. जिसके बाद वे अपने नियमित कामकाज को संभालेंगी. वहीं 25 अप्रैल तक वे संभाग के कामकाज पर ऑनलाइन तरीके से नजर रखेंगी.
बता दें कि, 6 फरवरी 2025 को अमरावती की विभागीय आयुक्त नियुक्त की गई डॉ. श्वेता सिंघल का हाल ही में अमरावती से महामुंबई मेट्रो संचालन महामंडल के व्यवस्थापकीय संचालक पद पर तबादला किया गया और उनके स्थान पर पुणे में पदस्थ राज्य की महिला व बालविकास आयुक्त नयना गुंडे को अमरावती के संभागीय राजस्व आयुक्त पद पर नियुक्ति दी गई. जिसके चलते वर्ष 2008 की बैच से प्रशासनिक अधिकारी रहनेवाली नयना गुंडे ने गत रोज अमरावती पहुंचकर अपनी नई जिम्मेदारी और पदभार को स्वीकार किया. इस समय अपर आयुक्त सूरज वाघमारे व उपायुक्त अजय लहाने के साथ ही अमरावती के जिलाधीश आशीष येरेकर ने पुष्पगुच्छ प्रदान करते हुए नवनियुक्त आयुक्त नयना गुंडे का अमरावती में स्वागत किया और उन्हें भावी कार्यकाल हेतु अपनी शुभकामनाएं दी. इस समय आयुक्त के स्वीय सहायक अतुल बुटे, संतोष अग्रवाल व अतुल लवणकर ने भी नवनियुक्त आयुक्त का भावपूर्ण स्वागत किया.
अपना पदभार स्वीकार करते हुए नवनियुक्त विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने बताया कि, वे इससे पहले विदर्भ क्षेत्र के गोंदिया में जिलाधीश के तौर पर काम कर चुकी है. जिसके चलते वे विदर्भ क्षेत्र से पूरी तरह परिचित है. साथ ही स्पर्धा परिक्षाओं में महाराष्ट्र की भागीदारी बढाने के लिए प्रयास करने के साथ-साथ वे पश्चिम विदर्भ क्षेत्र में किसान आत्महत्याओं का प्रतिशत घटाने के लिए भी प्रयासरत है. जिसके लिए आगामी समय में किसान आत्महत्या हेतु सर्वाधिक कुख्यात रहनेवाले यवतमाल जिले सहित संभाग के अन्य 4 जिलो में बचत गटों की श्रृंखला तैयार की जाएगी. जिनके जरिए किसान परिवारों को आर्थिक संसाधन के अन्य माध्यम उपलब्ध करवाते हुए खेती व बचत गुट उत्पादन के जरिए किसानों को समृद्ध करने का प्रयास होगा. इसके साथ ही नवनियुक्त आयुक्त नयना गुंडे ने कहा कि, यद्यपि उन्हें स्थानीय से लेकर वरिष्ठ स्तर पर होनेवाले कामकाज एवं समस्याओं की जानकारी है, लेकिन फिलहाल उनका लक्ष्य संभागीय आयुक्त के तौर पर मार्च एंडींग के चलते अगले दो दिन के भीतर राजस्व संकलन के लक्ष्य को पूरा करना रहेगा. साथ ही वे सरकारी योजनाओं पर अमल करने, बडे प्रकल्पों को पूरा करने एवं प्रकल्पग्रस्तों का जल्द से जल्द पुनर्वास करने जैसे कामों को प्राथमिकता देंगी.
अपना पदभार स्वीकार करने के साथ ही नवनियुक्त आयुक्त नयना गुंडे ने स्पष्ट किया कि, उन्हें इस पद पर नियुक्ति से पहले ही केंद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा तमिलनाडू के विधानसभा चुनाव हेतु निर्वाचन निरीक्षक के तौर पर जिम्मेदारी सौंपते हुए तमिलनाडू जाने के लिए कहा गया है. अत: वे तुरंत ही एक माह के लिए तमिलनाडू रवाना हो रही है तथा 23 अप्रैल को तमिलनाडू में विधानसभा चुनाव होते ही 25 अप्रैल को वे अमरावती वापिस लौटेंगी. इस दौरान वे ऑनलाइन तरीके से अमरावती संभागीय राजस्व आयुक्तालय का कामकाज संभालने के साथ-साथ इस दौरान संभव होने पर एक-दो दिनों के लिए वापिस अमरावती आ भी सकती है.

* 2008 की बैच से आईएएस रहनेवाली नयना गुंडे का शानदार रहा रिकॉर्ड
मूलत: सोलापुर जिले से वास्ता रखनेवाली संभागीय आयुक्त नयना गुंडे वर्ष 2008 की बैच से आईएएस अधिकारी है और उन्होंने जिप सीईओ व जिलाधीश जैसे स्थानीय पदों से लेकर राज्य महिला व बालविकास आयुक्त जैसे प्रादेशिक पद पर काम किया है. जिसके चलते उनके पास अच्छा-खासा प्रशासकीय अनुभव है, जो अब स्थानीय व विभागीय स्तर पर काफी फायदेमंद साबित होगा. गोंदिया जिले में काम करने के दौरान उन्होंने कचरे के ढेर से घिरी जमिनों को साफ करवाते हुए वहां पर मशरुम की खेती का काम शुरु करवाया था और छोटासा उपक्रम आज काफी बडे पैमाने पर चल रहा है. जिसके चलते किसानों को अच्छी-खासी आय हो रही है. इसके साथ ही उन्हें कई सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का श्रेय भी दिया जाता है. जिसके चलते उम्मीद जताई जा रही है कि, आयुक्त नयना गुंडे के नेतृत्व में अमरावती संभाग में राजस्व प्रशासन को नई दिशा प्राप्त होगी.

Back to top button