आधार अपडेट नहीं, तो टूट जाएगा डॉक्टर बनने का सपना?

मेलघाट के आदिवासी छात्र परेशान, हजारों रुपये खर्च करने के बाद भी काम अधूरा

* राशन और छात्रवृत्ति भी रुकी
चिखलदरा /दि.13 -आधार आम आदमी का अधिकार है का नारा देने वाली व्यवस्था के बीच अमरावती जिले के मेळघाट क्षेत्र में आदिवासी छात्रों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है. आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए हजारों रुपये खर्च करने और जिलाधिकारी से शिकायत करने के बावजूद तकनीकी समस्याएं दूर नहीं हो रही हैं. इसके कारण कई छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है.
धारणी तहसील के बिजुधावाड़ी गांव की छात्रा मनाली मोतीराम जीवार्कर पिछले दो वर्षों से अपना आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए विभिन्न केंद्रों के चक्कर लगा रही हैं. 12वीं पास करने के बाद उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए एक वर्ष का गैप लिया था, लेकिन आधार कार्ड अपडेट न होने के कारण वह परीक्षा का आवेदन फॉर्म भी नहीं भर पा रही हैं. मनाली का कहना है कि आधार अपडेट कराने के लिए अब तक 10 से 12 हजार रुपये तक खर्च हो चुके हैं, फिर भी काम पूरा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि यदि समय पर आधार अपडेट नहीं हुआ तो उनका एक और शैक्षणिक वर्ष बर्बाद हो जाएगा और डॉक्टर बनने का सपना अधूरा रह सकता है.
इसी तरह वास्तापुर के कक्षा 11वीं के छात्र रुद्र येवाले का मामला भी सामने आया है. उनके दादा भीमराव येवाले पिछले कई वर्षों से अपने पोते का आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए प्रयास कर रहे हैं. आधार अपडेट न होने के कारण रुद्र को राशन नहीं मिल पा रहा है और बैंक से जुड़े कई काम भी अटके हुए हैं. पीड़ित परिवारों ने 22 फरवरी को जिला कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत भी दी है. उनका आरोप है कि मेळघाट के दूरदराज क्षेत्रों में आधार केंद्रों पर तकनीकी समस्याओं के साथ-साथ पैसे की भी मांग की जाती है, जिससे गरीब आदिवासी परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि डिजिटल इंडिया की बात करने वाले प्रशासन को मेळघाट के इन छात्रों की समस्याओं पर तुरंत ध्यान देना चाहिए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके.

* आदिवासी छात्रों की प्रमुख समस्याएं
– आधार कार्ड अपडेट न होने से परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे छात्र
– 10-12 हजार रुपये खर्च करने के बाद भी काम अधूरा
– राशन और छात्रवृत्ति जैसी सरकारी योजनाएं रुकी
– बैंक लेनदेन भी प्रभावित
– प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग

Back to top button