हिंदी के पेपर में नहीं मिले नकलची

शांतिपूर्ण वातावरण में 12 वीं की परीक्षा

अमरावती /दि.12 कक्षा 12 वीं की परीक्षा मंगलवार 10 फरवरी से शुरु हुई. परीक्षा के पहले दिन अंग्रेजी भाषा का पेपर था. जिसमें पहले ही दिन 22 नकलची पकडे गये. दूसरे दिन बुधवार 11 फरवरी को हिंदी भाषा का पेपर था. जिसमें एक भी नकलची नहीं पाया गया.
मंगलवार 10 फरवरी से आरंभ कक्षा 12 वीं की परीक्षा में दूसरे दिन हिंदी भाषा का पहले सत्र में यानि सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक पेपर रहा. वहीं दूसरे सत्र दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक चले परचे में विद्यार्थियों ने जर्मनी, चायनीज, पर्शियन भाषा के पेपर दिये. इन विषयों के पेपर में किसी भी प्रकार की गडबडी नहीं होने की बात प्रशासन ने व्यक्त की है.
अमरावती बोर्ड की अधिकारी प्रिया देशमुख ने बताया कि, इस पर्चे में कम से कम विद्यार्थी होते है. साथ ही पेपर भाषा से संबंधित होने से नकलचियों की संख्या नाममात्र रहती है. फिर भी अमरावती शिक्षा मंडल द्वारा कोई भी विद्यार्थी नकल न करें, इसका पूरा ध्यान रखा गया है. पहले दिन संभाग में 22 नकलचियों को पकडे जाने का मामला उजागर हुआ. आगामी समय में परीक्षा के हर पेपर पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि यह संख्या सीमित रहे.
बुधवार 11 फरवरी को 12 वीं के परीक्षा में एक भी विद्यार्थी नकल करते हुए नहीं पाया गया. जिसके कारण दो दिन में पकडे गये नकलचियों की संख्या 22 तक सीमित है. आज तीसरे दिन को पहले सत्र में मराठी, गुजराती, कन्नड, सिंधी, मलयालम, तामिल, तेलगु, पंजाबी, बंगाली, विषय के पर्चे रहे. वहीं दूसरे सत्र में उर्दू, फ्रेंच, स्पैनिश, पाली भाषा के पेपर हुए.

Back to top button