वखार महामंडल के गोदाम में कृषि माल को ‘नो एंट्री’
शाम 6 बजे के बाद वाहनों को प्रवेश न दिये जाने से किसान परेशान

अमरावती /दि.24 – वखार महामंडल के गोदाम में कृषि माल संग्रह के लिए लाये गये वाहनों को केवल सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही प्रवेश दिया जा रहा है. शाम 6 बजे के बाद वाहनों को गोदाम में ‘नो एंट्री’ रहने की वजह से देरी से आ रहे वाहनों को रात भर प्रवेश के लिए बाहर ही खडा रहना पड रहा है. जिससे किसानों ने नाराजगी व्यक्त की है. चांदूर बाजार समिति ने वखार महामंडल के गोदाम में कृषि माल लेकर आ रहे ट्रक व वाहनों को सुबह 10 से शाम 6 बजे तक ही प्रवेश दें. उसके बाद आने वाले वाहनों को प्रवेश न दें, ऐसा पत्र वखार महामंडल के व्यवस्थापक ने 20 मार्च को दिया.
परंतु प्रत्यक्ष रुप में माल भरते समय या प्रवास के दौरान कुछ अडचने आती है, तो वे देरी से पहुंचते है. लेकिन उन्हें गोदाम में प्रवेश नहीं मिल पाता. इसलिए वे अपने वाहन बाहर ही खडे रखते है और रात भर इंतजार करते है. या फिर अपना कृषि माल लेकर वापिस चले जाते है. इससे किसानों का आर्थिक नुकसान तो हो ही रहा है. साथ ही उन्हें परेशानी भी उठानी पड रही है. बडे वाहनों व ट्रकों को टीएमसी यार्ड में दो-दो दिनों तक रहना पड रहा है. जिससे किसानों को परेशानी हो रही है. शाम के बाद भी प्रवेश दिया जाये, ऐसी मांग किसानों द्वारा की जा रही है.





