स्वच्छता को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नही

महापौर श्रीचंद तेजवानी की स्पष्ट चेतावनी

* निरीक्षक-ठेकेदार समन्वय पर जोर
* कचरामुक्त अमरावती के लिए सख्त फैसले
अमरावती/दि.20 – अमरावती शहर को कचरामुक्त बनाने के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए नई कार्यवाही शुरू कर दी है. महापौर श्रीचंद तेजवानी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि स्वच्छता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्वच्छता निरीक्षकों और ठेकेदारों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए.
महापौर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शहर की कचरा संकलन व्यवस्था, उपलब्ध मनुष्यबल, मशीनरी और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई. महापौर ने कहा कि कचरा समस्या के समाधान के लिए निरीक्षकों को क्षेत्रवार निगरानी बढ़ानी होगी और ठेकेदारों को अनुबंध के अनुसार कार्य करना होगा. निरीक्षकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि कचरा समय पर उठाया जा रहा है. वहीं ठेकेदारों को पर्याप्त मनुष्यबल और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए कहा गया, ताकि कार्य में कोई कमी न रहे. शहर में बढ़ती कचरा समस्या को नियंत्रित करने के लिए मशीनरी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया. इसके तहत अतिरिक्त घंटागाड़ियां, कचरा संकलन वाहन और आधुनिक सफाई उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित ठेकेदारों को दिए गए हैं.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जोनवार जिम्मेदारी तय की जाएगी, नियमित समीक्षा बैठकें होंगी और शिकायत निवारण प्रणाली को और सक्रिय किया जाएगा. महापौर ने कहा, स्वच्छ अमरावती केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रशासन की प्रतिबद्धता है. निरीक्षक, ठेकेदार और नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है. नागरिकों से भी अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग दें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करें. बैठक में मनपा अधिकारी, स्वच्छता विभाग के कर्मचारी, निरीक्षक, ठेकेदार प्रतिनिधि और जोन स्तर के अधिकारी उपस्थित थे. प्रशासन ने आने वाले समय में और भी सख्त व योजनाबद्ध कदम उठाने के संकेत दिए हैं.

Back to top button