‘मां की गोद नहीं, कचरे में मिला अंत’
नागपुर के हिलटॉप क्षेत्र में 8 माह की बच्ची का शव मिलने से सनसनी

नागपुर/दि.18- नागपुर शहर के पॉश हिलटॉप इलाके में बुधवार को मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई. कचरे के ढेर में लगभग आठ माह की मासूम बच्ची का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. प्रारंभिक आशंका है कि दुर्गंध और दम घुटने से बच्ची की मौत हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्ची के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था. गोदावरी अपार्टमेंट के पास, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कार्यालय से सटे स्थान पर कचरे के ढेर में यह शव पड़ा मिला. राहगीरों ने जब शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही अंबाझरी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा.
पुलिस का अनुमान है कि रात के अंधेरे में किसी ने बच्ची को यहां लाकर फेंक दिया. पुलिस आसपास के इलाकों में पिछले कुछ महीनों में हुए प्रसवों की जानकारी जुटा रही है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है. स्थानीय नागरिकों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की





