चायना चाकू के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
गाडगे नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

* 71 हजार रुपये का माल जब्त
अमरावती/दि.6 – गुरूवार 5 फरवरी को गाडगे नगर पुलिस थाना क्षेत्र में अपराध शाखा की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी. इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि रिकॉर्ड पर दर्ज अपराधी मनोज राजरतन डोंगरे (30, निवासी लक्ष्मी नगर, अमरावती) कमर में चायना चाकू लेकर लक्ष्मी नगर से कॉटन मार्केट की ओर जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लक्ष्मी नगर चौक पर जाल बिछाकर आरोपी को हिरासत में लिया. उसकी तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक चायना चाकू/खंजर, जिसकी अनुमानित कीमत 1हजार रुपये है, बरामद किया गया. इसके अलावा आरोपी के पास से एक एक्टिवा दोपहिया वाहन, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त किया गया. इस प्रकार कुल 71 हजार रुपये का माल पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया. आरोपी के खिलाफ गाडगे नगर पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. उल्लेखनीय है कि आरोपी मनोज डोंगरे के खिलाफ 4 फरवरी को गाडगे नगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 123/2026, भारतीय न्याय संहित की विभिन्न धाराओं 118(1), 333, 296, 3(5), 115(2), 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज है, जिसमें वह वांछित आरोपी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) रमेश धुमाळ तथा सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में की गई. इस कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक मनीष वाकोडे तथा पुलिस कर्मचारी सतीश देशमुख, फिरोज खान, मंगेश लोखंडे, प्रशांत मोहोड, नाझीमुद्दीन सय्यद और रणजीत गावंडे ने सक्रिय सहभाग लिया.





