धारणी में अब एसटी बस और बोलेरो का एक्सीडेंट

बडा हादसा टला, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें

* खंडवा जा रही बस सेमाडोह घाट में संकरे मोड पर टकराई जीप से
अमरावती /दि.25 – धारणी तहसील के सेमाडोह घाट में आज सुबह 11 बजे एसटी की खंडवा जा रही बस एमएच-20/जीसी-3781 और सामने से आती बोलेरो जीप एमपी-09/टीए-9586 के बीच जोरदार टक्कर हो गई. कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आयी है. संकरी सडक और तीखे मोड पर दोनों वाहन आमने सामने आ जाने से दुर्घटना होने की प्राथमिक जानकारी दी गई. यह भी बताया गया कि, बडा हादसा टला और कई मुसाफिर बाल-बाल बच गये.
मेलघाट में गत रविवार शाम ही बडा भयानक सडक हादसा हुआ था, जिसमें पांच लोगों की जान गई थी. यह वाकया लोगों के जेहन में ताजा रहते आज सुबह 11 बजे भवई गांव के पास तीव्र मोड पर एसटी निगम बस और बोलेरो वाहन टकरा गये. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छूट्टी दे दी गई. किंतु यातायात सुचारु करने के लिए पुलिस और प्रशासन को मशक्कत करनी पडी. करीब आधे घंटे बाद वहां का यातायात सामान्य हो सका, जब दोनों शतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाया गया.
स्थानीय नागरिकों ने सेमाडोह घाट के संकरे मार्ग पर चेतावनी संकेत, स्पीड ब्रेकर, सुरक्षा को मजबूत किये जाने की मांग उठाई है. भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह जरुरी बताया गया. सौभाग्य से आज बडा अनर्थ टल गया. पुलिस आगे जांच कर रही है.

Back to top button