अब बिल्डर्स और वाहन डीलर्स को अक्षय तृतीया पर बडी ग्राहकी की आशा
ज्वेलर्स ने कहा - मुहूर्त खरीदी होगी

* खाडी युद्ध विराम होने से भी मार्केट में राहत
* वैवाहिक सीजन भी पकडेगा जोर
अमरावती/दि.8 – वैवाहिक सीजन जारी रहने से कपडा और इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में जोरदार ग्राहकी शुरु है. ऐसे में आगामी 19 अप्रैल रविवार को आ रही अक्षय तृतीया पर प्लॉट, फ्लैट की बडे प्रमाण में बुकिंग व खरीदी होने की संभावना से बिल्डर्स और भूमि विकासक आशाएं कर रहे हैं. ऑफर्स भी दिए जा रहे हैं. ऑटो मोबाइल सेक्टर के भी एक बार फिर वाहन बुकिंग बढने की पूरी उम्मीद है. वाहन डीलर्स बडी ग्राहकी होने की संभावना व्यक्त कर रहे हैं. उधर सराफा में दोनों ही कीमती धातुओं सोना और चांदी में उतार-चढाव की वजह से केवल मुहूर्त खरीदी की आशा अधिकांश ज्वेलर्स ने अमरावती मंडल से चर्चा दौरान व्यक्त की.
* अबूझ मुहूर्त, बडी विवाह तिथि
अक्षय तृतीया को अनपूछा मुहूर्त माना जाता है. यह विवाह आयोजन के लिए भी वर्ष की सबसे बडी तिथि मानी जाती है. इस दिन विवाह के समस्त भारत वर्ष बहुतेरे आयोजन होने के साथ अनेक संस्थाएं सामूहिक विवाह भी आयोजित करती है. जिससे मार्केट में खरीददारी की धूम मची होती है. कपडा-बर्तन से लेकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तक जमकर विक्री हो रही है. यह जानकारी स्थानीय प्रमुख कपडा शोरुम श्रद्धा साडी, आराधना, सेजल साडी और मंगल वस्त्रालय, विजय साडी हाउस के संचालकों ने दी. उसी प्रकार केडिया मॉल, मॉडर्न ट्रेडिंग सेंटर, बाहेती एंटरप्राईजेस, मुरली इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे प्रसिद्ध इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण शोरुम में भी फ्रीज, टीवी सेट, एसी और ओवन आदि की जमकर खरीददारी हो रही है. गर्मी बढने से कूलर्स की विक्री नए कीर्तिमान गढ रही है.
* युद्ध विराम, आशाएं बढी
खाडी युद्ध विराम होने से भी भारतीय मार्केट में आशा बढ गई है. विवाह के आयोजन के कारण ग्राहकी का दौर बढा है. ऐसे में 19 अप्रैल की अक्षय तृतीया को देखते हुए सभी क्षेत्र में ग्राहकी चरम पर रहने की संभावना देखी जा रही है.
* बिल्डर्स लेकर आए ऑफर्स
अक्षय तृतीया अर्थात अखजी पर जमीन, फ्लैट, घर, खेती, प्लॉट खरीदने की होड और परंपरा रही है. जिससे अमरावती के बिल्डर्स ने कई ऑफर्स की पेशकश रखी है. अनेक प्रोजेक्ट लाँच हो रहे हैं. क्रेडाई के अमरावती चैप्टर अध्यक्ष राजन पाटिल ने कहा कि, निश्चित ही मार्केट को आशा है. कई यूनिट इस अवसर बुक होने की संभावना राजन पाटिल ने व्यक्त की. उन्होंने कहा कि, मार्केट में रेडीरेकनर रेट न बढने से पहले ही घर खरीददारों के लिए पोषक वातावरण बना है. उनका बडा लाभ होने जा रहा है. जिसे अक्षय तृतीया के मौके पर इनकैश करना सभी के लिए फायदेमंद रहेगा.
* सराफा में मुहूर्त बुकिंग
सराफा बाजार की बात करें तो अमरावती में कई बडे ज्वेलरी शोरुम खुले है. सभी पर कम-अधिक प्रमाण में अक्षय तृतीया की बुकिंग होने का दावा किया जा रहा है. सराफा के अध्यक्ष राजेंद्र भंसाली नेे बताया कि, परंपरा के अनुरुप आखातीज पर सोना या चांदी खरीदने के लिए बुकिंग स्वाभाविक रुप से हो रही है. यह जरुर है कि, दाम में उतार-चढाव के कारण इस बार बुकिंग सीमित है किंतु मुहूर्त बुकिंग काफी प्रमाण में हुई है. उधर कारीगरों का कहना है कि, रेट के उतार-चढाव और इसी के साथ खाडी युद्ध की धमक सराफा पर भी पडी है. वैवाहिक सीजन के बावजूद अभी तो गहने बनाने की ऑडर्स सीमित है.
* कपडा मार्केट बल्ले-बल्ले
कपडा मार्केट में विवाह सीजन की जोरदार ग्राहकी चल रही है. आराधना शोरुम हो या श्रद्धा साडीज अथवा सेजल या विजय साडी हाउस. सभी जगह विवाह की जमकर खरीददारी चल रही है. नए फैशन ट्रेंड्स के अनुसार दुल्हा-दुल्हन के लिए बेस व सूट खरीदें जा रहे हैं. देने-लेने की साडियों से लेकर पार्टी वीयर की जमकर खरीदी होने की जानकारी श्रद्धा साडीज के पूरण लाला ने दी. वहीं आराधना के संचालक पूरणसेठ हबलानी ने बताया कि, शादियों का सीजन चरम पर है. मई से अधिक मास शुरु होनेवाला है. ऐसे में अप्रैल माह और मई के पहले पखवाडे तक विवाह का सीजन चलनेवाला है. काफी तिथिया होने से बाजार में भरपूर ग्राहकी है. दुल्हन के घाघरा से लेकर विशेष साडियां, खास ओकेजन के ड्रेसेस की जोरदार डिमांड रहने की जानकारी मंगल वस्त्रालय के संचालक मुंधडा ने दी.
* वाहन बुकिंग भरपूर, 19 को डिलेवरी
वाहन क्षेत्र में भी दुपहिया से लेकर कारों की काफी संख्या में बुकिंग होने की जानकारी अग्रणी कंपनियों के स्थानीय डीलर्स दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि, गुढीपाडवा के बाद अक्षय तृतीय का इंतजार रहता है. अभी तो और बुकिंग आने की पूरी संभावना है. उधर इलेक्ट्रीक वाहनों के विक्रेताओं का दावा है कि, इंधन संकट के कारण इलेक्ट्रीक वाहनों की खरीदी की ओर सभी का रुझान है. महिला वर्ग के लिए इलेक्ट्रीक वाहन तुलना में हलके और चलाने में आसान होने से भी इनकी बुकिंग बढी है.





