अब विदर्भ सहित पूरे राज्य में बढ़ेगा तापमान

दोपहर में तेज धूप का दिखेगा असर

अमरावती/दि.17 – फरवरी के मध्य में ही अमरावती शहर व जिले सहित विदर्भ एवं समूचे महाराष्ट्र में गर्मी ने दस्तक दे दी है. सुबह हल्की ठंड और दोपहर में तेज धूप, ऐसी दोहरी स्थिति राज्य के कई शहरों में महसूस की जा रही है. अगले 24 घंटों में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जबकि अधिकतम तापमान बढ़ने से गर्मी का असर और तेज होगा. यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दी है.
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई सहित पूरे कोंकण तटीय क्षेत्र में आज गर्म व उमस भरा मौसम रहेगा. मुंबई में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 से 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. अधिक आर्द्रता के कारण दोपहर में उमस ज्यादा महसूस होगी. रायगड जिला और सिंधुदुर्ग जिला में भी इसी तरह की स्थिति रहेगी. पश्चिम महाराष्ट्र में दोपहर बाद तापमान उछलेगा. पश्चिम महाराष्ट्र में सुबह हल्की ठंडक रहेगी और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच रहेगा. हालांकि दोपहर बाद अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री तक पहुंच सकता है और दिनभर तेज धूप रहेगी. मराठवाड़ा में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री तक जाने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के आसपास रहेगा. विदर्भ में गर्मी का असर अधिक रहेगा और कुछ स्थानों पर पारा 38 से 39 डिग्री तक पहुंच सकता है. दोपहर में लू जैसी गर्म हवा से परेशानी बढ़ सकती है.
* फिलहाल बारिश के आसार नहीं
17 फरवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान लगभग 1 डिग्री बढ़ेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा. आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. मौसम विभाग ने नागरिकों को दोपहर के समय धूप से बचाव करने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.

Back to top button