अब चित्रा चौक फ्लाईओवर का काम पकडेगा असल रफ्तार
आज रात से टांगा पडाव से चांदनी चौक तक दोनों ओर लागू होगी प्रवेश बंदी

* आज से 4 मार्च तक पूरा समय सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
* उडानपुल के काम हेतु अधिसूचना जारी, वाहनों हेतु पर्यायी मार्ग घोषित
* 24 फरवरी को हाईकोर्ट में अगली सुनवाई, 1 मई को फ्लाईओवर शुरु करने की तैयारी
अमरावती/दि.18 – विगत करीब 8 वर्षों से अधर में लटके रहनेवाले चित्रा चौक से नागपुरी गेट की ओर जानेवाले फ्लाईओवर का काम अब रफ्तार पकडने जा रहा है. साथ ही इस फ्लाईओवर के आधे-अधूरे काम को पूरा करते हुए आगामी 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर इस फ्लाईओवर को आम नागरिकों हेतु खुला करने की तैयारियां जोर पकड रही है. जिसके चलते फ्लाईओवर के नीचे टांगा पडाव से चांदनी चौक के बीच दोनों ओर की सडकों पर सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है तथा वाहनों की आवाजाही के लिए पर्यायी एवं वैकल्पिक रास्तों के सुझाव दिए गए है, ताकि इस फ्लाईओवर का काम अगले 70 दिनों में पूरी तरह से पूर्ण किया जा सके एवं निर्माण कार्य पूरा करने के साथ ही रंगरोगन करते हुए हस्तांतरण की प्रक्रिया को पूर्ण कर इस फ्लाईओवर को आम जनता की आवाजाही के लिए उपलब्ध कराया जा सके.
उल्लेखनीय है कि, चित्रा चौक से आगे इतवारा बाजार, टांगा पडाव, चांदनी चौक व नागपुरी गेट परिसर में होनेवाली वाहनों की भीडभाड और इन सभी क्षेत्रों को आपस में जोडनेवाली संकरी सडक की समस्या को देखते हुए वर्ष 2017-18 में चित्रा चौक से वलगांव रोड एवं पठान चौक की ओर जानेवाले फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को प्रस्तावित करते हुए उडानपुल का प्रत्यक्ष निर्माण भी शुरु किया गया था. जिसके लिए करीब ढाई से तीन वर्ष की मियाद तय की गई थी, परंतु 7 वर्ष का लंबा समय बीत जाने के बावजूद इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य आधा-अधूरा रहने के साथ ही अधर में भी लटका रहा. जिससे समस्या हल होने की बजाए और भी अधिक विकराल हो गई. इस बात को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस नेता व पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख ने मुंबई हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ में जनहित याचिका दायर करते हुए अदालत से फ्लाईओवर के निर्माण में हो रही लेटलतिफी के मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई थी. जिसके बाद हाईकोर्ट ने फ्लाईओवर का निर्माण कर रही ठेकेदार एजेंसी चाफेकर कंस्ट्रक्शन कंपनी सहित संबंधित प्रशासनिक महकमों को जमकर आडे हाथ लेते हुए फ्लाईओवर का निर्माण तुरंत तेजगति के साथ करने का निर्देश जारी किया था. जिसकी वजह से ठेकेदार एजेंसी सहित संबंधित सरकारी महकमें हडबडाकर काम पर लग गए और फ्लाईओवर के निर्माण कार्य ने थोडीबहुत रफ्तार पकडी. जिसे देखते हुए हाईकोर्ट ने एक बार फिर काम की रफ्तार को बढाने के आदेश जारी किए और समय की मर्यादा भी तय की. जिसमें कुछ समयावृद्धि भी दी गई. जिसे ध्यान में रखते हुए अब चित्रा चौक से नागपुरी गेट की ओर जानेवाले फ्लाईओवर का काम अप्रैल माह के अंत तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि 1 मई को महाराष्ट्र दिवस का औचित्य साधते हुए इस फ्लाईओवर को लोकार्पित किया जा सके.
इन्हीं तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए शहर पुलिस प्रशासन के यातायात विभाग द्वारा गत रोज ही एक अधिसूचना जारी करते हुए बताया गया कि, चित्रा चौक से नागपुरी गेट के बीच टांगा पडाव से चांदनी चौक तक सडक के दोनों ओर के यातायात को 18 फरवरी की रात 8 बजे से 4 मार्च की रात 8 बजे तक पूरा समय बंद रखा जाएगा. इस दौरान इस परिसर में सभी तरह के छोटे-बडे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. जिन्हें यातायात विभाग द्वारा सुझाए गए पर्यायी रास्तों का प्रयोग करना होगा. जानकारी के मुताबिक सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता एवं मुख्य अभियंता की ओर से शहर पुलिस विभाग को सूचित किया गया है कि, 18 फरवरी से 4 मार्च के दौरान पीलर क्रमांक 22, 23 व 24 के बीच सभी गर्डर निर्धारित स्थान पर रखे जाएंगे. जिसके बाद 15 मार्च तक स्लैब कास्टींग का काम किया जाएगा. पश्चात अगले 15 दिन क्युरिंग प्रक्रिया चलेगी और फिर लोहे की ट्रसल को हटाने के लिए 5 दिन का समय लगेगा. ऐसे में इन तमाम कामों को ध्यान में रखते हुए इस रास्ते पर कुछ अवधि के लिए यातायात को पूरी तरह से बंद रखना बेहद जरुरी है. ताकि किसी भी संभावित हादसे को टाला जा सके. सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग की ओर से मिले इस पत्र को ध्यान में रखते हुए ही यातायात विभाग द्वारा निर्माण कार्य में लगे मजदूरों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर फ्लाईओवर के नीचे से गुजरनेवाली दोनों ओर की सडक पर यातायात को प्रतिबंधित रखने के संदर्भ में अधिकृत अधिसूचना जारी की गई है.
बता दें कि, चित्रा चौक फ्लाईओवर को लेकर पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख की ओर से जारी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए नागपुर हाईकोर्ट ने सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग के सचिव से हलफनामा मांगते हुए विगत 31 दिसंबर तक इस उडानपुल के काम को पूरा करने के निर्देश दिए थे. हालांकि 31 दिसंबर तक इस पुल का निर्माण पूरा नहीं हो पाया था. जिसके बाद नागपुर खंडपीठ ने 9 फरवरी तक पुल के निर्माण संबंधी पूरी विस्तृत रिपोर्ट तलब की थी. हालांकि 9 फरवरी को इस मामले पर कुछ कारणों के चलते सुनवाई नहीं हो पाई और हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई हेतु 24 फरवरी की तारीख तय की थी. जिसके चलते अब इस मामले की 24 फरवरी को होनेवाली अगली सुनवाई पर सभी की निगाहें लगी हुई है. इसी बीच सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग द्वारा इस फ्लाईओवर के काम को अप्रैल माह के अंत तक पूरा कराते हुए 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर इस फ्लाईओवर का लोकार्पण करने की जबरदस्त तैयारियां की जा रही है. जिसे ध्यान में रखते हुए आज बुधवार 18 फरवरी से आगामी 4 मार्च तक चित्रा चौक से नागपुरी गेट के बीच सभी तरह के वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है. ताकि फ्लाईओवर के निर्माण का जिम्मा रहनेवाली ठेकेदार एजेंसी चाफेकर कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा दिन-रात काम करते हुए फ्लाईओवर के निर्माण को तय समय के भीतर पूरा किया जा सके.
* इस रास्ते पर रहेगी प्रवेश बंदी, इन रास्तों की वैकल्पिक व्यवस्था
टांगा पडाव से चांदनी चौक होते हुए नागपुरी गेट चौक तक दोनों ओर की सडकों पर सभी तरह के वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों का भी प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. साथ ही चित्रा चौक से नागपुरी गेट तक सभी प्रकार के हलके व भारी मालवाहक वाहन, यात्री वाहन एवं अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है. यह अधिसूचना 18 फरवरी को रात 8 बजे से आगामी 4 मार्च की रात 8 बजे तक लागू रहेगी. इस दौरान यातायात को लेकर किसी भी तरह की कोई दिक्कत न हो, इस हेतु पर्यायी मार्ग के तौर पर टांगा पडाव, जवाहर गेट, सक्करसाथ व नागपुरी गेट का मार्ग शुरु रहेगा. साथ ही दीपक चौक से चौधरी चौक व आदर्श होटल एवं पिंजारा मस्जिद होते हुए नागपुरी गेट की ओर वाहनों की आवाजाही शुरु रखी जाएगी. विशेष उल्लेखनीय है कि, यह रास्ता भी केवल दुपहिया वाहनों सहित कार एवं ऑटो जैसे वाहनों के लिए खुला रहेगा. इसके अलावा इस रास्ते पर अन्य सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
* रात में पुल का काम किए जाने की मांग
– असलमबाबा की अगुवाई में पीडब्ल्यूडी को सौंपा गया ज्ञान
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि कल 19 फरवरी से मुस्लिम समाजबंधुओं के पवित्र रमजान माह की शुरुआत होने जा रही है और इस माह के दौरान मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में अच्छी-खासी चहल-पहल भी रहती है. वहीं इसी माह के दौरान मुस्लिम बहुल क्षेत्र में बन रहे चित्रा चौक फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए मुख्य मार्ग पर प्रवेश प्रतिबंधित किया जा रहा है. जिसके चलते परिसर में रहनेवाले नागरिकों को अच्छी-खासी परेशानियों एवं दिक्कतों का सामना करना पड सकता है. इस बात को ध्यान में रखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता असलमबाबा के नेतृत्व में परिसरवासियों की ओर से सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए मांग उठाई गई कि, इस फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को रात के समय किया जाए और दिन के समय मुख्य मार्ग को आम नागरिकों एवं सभी तरह के वाहनों की आवाजाही के लिहाज से खुला रखा जाए, ताकि माहे रमजान के दौरान क्षेत्र के नागरिकों सहित परिसर में व्यवसाय करनेवाले व्यापारियों को किसी भी तरह की कोई दिक्कत न हो. ज्ञापन सौंपते समय नासीर बेग, एजाज बेग, सोहेल मंडेवाले, अन्नूभाई शरबत वाले एवं आरिफभाई आदि उपस्थित थे.





