अब राशन दुकान से चावल की बजाए मिलेगा मका
मार्च माह से राशन राशन प्रणाली में बड़ा बदलाव, लाभार्थियों में चिंता

अमरावती /दि.21 – राज्य सरकार द्वारा अंत्योदय और प्राथमिकता परिवार योजना के तहत राशन कार्डधारकों को अब तक नियमित रूप से गेहूं और चावल दिया जाता रहा है. लेकिन मार्च महीने से वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव किए जाने की तैयारी है. प्रस्ताव के अनुसार अब लाभार्थियों को चावल के बजाय गेहूं के साथ मक्का दिया जाएगा. इससे लाखों परिवारों के राशन पैटर्न में परिवर्तन होगा.
* चावल की जगह मक्का
राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर मक्का खरीदा जा रहा है और इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से दुकानों पर वितरित किया जाएगा. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अगले तीन महीनों तक गेहूं के साथ मक्का मिलने की संभावना है. इससे कई परिवारों की थाली से चावल गायब होने की आशंका जताई जा रही है.
* कितना मिलेगा अनाज?
राशन वितरण को लेकर अमल में लाई जा रही नई व्यवस्था के तहत अंत्योदय योजना अंतर्गत प्रति परिवार 10 किलो मक्का व 11 किलो गेहूं प्रतिमाह दिया जाएगा. वहीं प्राधान्य परिवार योजना अंतर्गत प्रति सदस्य 2 किलो गेहूं व 1 किलो मक्का देने की व्यवस्था की गई है. इस बदलाव से विशेषकर शहरी क्षेत्रों में भ्रम और असंतोष का माहौल देखा जा रहा है.
* नागरिकों की नाराज़गी
लाभार्थियों का कहना है कि उन्हें मक्का खाने की आदत नहीं है और बच्चों को चावल की आदत है. इसलिए सरकार को पहले की तरह चावल ही उपलब्ध कराना चाहिए. उनका कहना है कि निर्णय लेने से पहले सभी समाज वर्गों की खाद्य आदतों पर विचार होना चाहिए था.
* सरकार की ओर से राशन लाभार्थियों को मक्का वितरित करने के संदर्भ में निर्देश प्राप्त हो चुके है. मक्के की उपलब्धता के अनुसार अप्रैल माह में तय माणकों के तहत जिले के लाभार्थियों को मक्के का वितरण किया जाएगा.
– निनाद लांडे, जिला आपूर्ति अधिकारी.
* जिले में किस योजना के कितने कार्डधारक व लाभार्थी
योजना कार्डधारक लाभार्थी
अंत्योदय 1,29,466 4,78,424
प्राधान्य 3,91,140 15,56,021





