पालकमंत्री के आदेश को अधिकारी बता रहे धता
पत्रकार परिषद में आरोप

* वडगांव माहोरे संपूर्ण धूलमय
अमरावती /दि.9 – वडगांव माहोरे के लोगों ने आज कहा कि, क्रशर और आरएमसी प्लाँट के कारण पूरा क्षेत्र धूलमय हो जाने से नागरिक परेशान हैं. इस विषय में पालकमंत्री से गत 18 फरवरी के जनसंवाद कार्यक्रम में शिकायत दी गई थी. पालकमंत्री के निर्देश के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं किये जाने का आरोप आज दोपहर आयोजित पत्रकार परिषद में किया गया. प्रेसवार्ता में अक्षय चव्हाण, नंदू गौरकर, ऋषिकेश पडोले, चंद्रशेखर दारोकर, राहुल नेमाडे मौजूद थे.
इन लोगों ने आरेाप किया कि, वडगांव माहोरे गांव की मुख्य सडक और भवानी परिसर धूल से भर गया है. इस बारे में पालकमंत्री ने लिखित शिकायत के बाद निर्देश दिये थे. अधिकारियों ने लगता है पालकमंत्री के निर्देशों को अनदेखा कर दिया है. वहां औद्योगिक एरिया तैयार होने एवं निर्माणकार्य के लिए अनुमति दी जा रही है. जबकि वहां गांव के शालेय विद्यार्थियों का स्वास्थ्य खतरे में पड गया है. इसकी जिम्मेदारी तहसीलदार और संबंधित अधिकारियों पर रहने का दावा प्रेसवार्ता में किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि, पालकमंत्री की कल्पना को अमरावती के अधिकारी प्रतिसाद नहीं दे रहे हैं. इस विषय में कोई हल न निकलने पर आंदोलन की राह लेने की बात उन्होंने कही.





