ओला, उबर, रैपिडो के लाईसेंस रद्द
राज्य सरकार का बाइक टैक्सी पर बडा एक्शन

* यातायात नियमों का उल्लंघन करने का मामला
मुंबई/दि.9 – देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और आसपास गैर कानूनी बाइक टैक्सी सेवा के बढते चलन को देखते हुए अचानक ओला, उबर, रैपिडो जैसी कंपनियों का परवाना फिलहाल रद्द कर दिया है. प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने विधान परिषद में उक्त घोषणा की. जिससे इन कंपनियों की सेवा का लाभ नहीं लिया जा सकेगा.
उच्च सदन में नियम 93 अंतर्गत सुनील शिंदे ने प्रश्न उठाया था. जिसका उत्तर देते हुए मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि, केंद्र के कार वाहन एग्रीगेटर के नियमों के अनुसार महाराष्ट्र ई-बाइक टैक्सी यातायात व्यवस्था हेतु स्वतंत्र नीति तैयार की गई है. इस नीति को राज्य मंत्रिमंडल ने गत 7 अगस्त 2024 को मान्यता दी थी. 1 लाख से अधिक आबादी के शहरों में ई-बाइक टैक्सी सेवा शुरु करने का निर्णय किया था. नियमानुसार बाइक टैक्सी इलेक्ट्रीक होना बंधनकारक है. फिर भी कंपनियां नियमों का उल्लंघन कर रही थी. उन्हें मुंबई मनपा क्षेत्र में 30 दिनों के लिए अस्थायी लाईसेंस दिये गये थे. कंपनियों द्वारा नियमों का पालन नहीं किये जाने से उनके लाईसेंस रद्द किये जाने की घोषणा प्रताप सरनाइक ने की है.





