कार और एसटी बस के बीच भिडंत में एक की मौत, 5 घायल

अंजनगांव सुर्जी तहसील के भंडारज मार्ग की घटना

अंजनगांव सुर्जी/ दि. 25 – अंजनगांव सुर्जी से अकोट मार्ग पर भंडारज गांव के पास मंगलवार 24 फरवरी की शाम 4.30 बजे के दौरान कार और एसटी बस के बीच हुई भिडंत में 65 वर्षीय कार चालक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि पांच अन्य घायल हो गये. मृतक चालक का नाम अकोट निवासी शालिकराम रामचंद्र वानरे हैं. जबकि घायलों के नाम कुसुम शालिकराम वानरे, उत्कर्षा प्रथमेश वानरे और सुमन गवई है.
जानकारी के मुताबिक वानरे परिवार अकोट से कार में सवार होकर अंजनगांव सुर्जी होते हुए मुरहा देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे. बीच रास्ते में भंडारज गांव के पास अंजनगांव की तरफ से आ रही एसटी बस के चालक ने अपनी गाडी लापरवाही से चलाते हुए कार को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर एक मोड है. आशंका जताई जा रही है कि मोड पर वाहन अनियंत्रित हो गया और दोनों की आमने सामने भिडंत हो गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार चालक शालिकराम वानरे को गंभीर चोटे आ गई और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. वही बस में सवार कुछ यात्री भी घायल हो गये. अंजनगांव के थानेदार सूरज बोंडे ने जानकारी मिलते ही तत्काल अपने दल के साथ घटनास्थल पहुंचकर घायलों को अंजनगांव और अकोट के अस्पताल में भर्ती करवाया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button