…अन्यथा मग्रारोगायो आयुक्त कार्यालय फोड देंगे

पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने दी कडी चेतावनी

* होली से पहले मेलघाट के आदिवासी को मजदूरी मिलने की मांग उठाई
* मग्रारोगायो के कामों की 4 माह से मजदूरी बकाया रहने पर जताई नाराजगी
अमरावती/दि.21- महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार योजना अंतर्गत काम करनेवाले मेलघाट के आदिवासी मजदूरों की मजदूरी विगत 4 माह से बकाया रहने के मुद्दे पर जबरदस्त रोष जताते हुए प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया व पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने कहा कि, यदि होली के पर्व से पहले मेलघाट के आदिवासी मजदूरों को उनकी बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता है, तो प्रहार पार्टी द्वारा मग्रारोगायो के आयुक्त कार्यालय में घुसकर तोडफोड की जाएगी.
सोशल मीडिया के जरिए अपना एक वीडियो संदेश जारी करते हुए पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने कहा कि, मेलघाट सहित ग्रामीण क्षेत्रों से वास्ता रखनेवाले सभी मजदूरों को उनके द्वारा किए गए काम की ऐवज में मजदूरी का भुगतान नियमानुसार समय पर ही होना चाहिए. लेकिन इसके बावजूद विगत 4 माह से मजदूरों की मजदूरी बकाया है. चूंकि मेलघाट के आदिवासियों में होली के पर्व का काफी अधिक महत्व होता है और सालभर मेहनत-मजदूरी के कामों के लिए स्थलांतरित रहनेवाले मेलघाट के आदिवासी मजदूर होली के पर्व पर अपने-अपने गांव लौटकर अपने परिजनों के साथ त्यौहार मनाते है. ऐसे समय उनके पास त्यौहार मनाने हेतु उनकी मेहनत का पैसा रहना बेहद जरुरी होता है. इस बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इससे पहले भी मेलघाट के आदिवासी मजदूरों को उनकी मजदूरी अदा किए जाने की मांग उठाई थी और ऐसा नहीं होने पर मग्रारोगायो आयुक्त कार्यालय में तोडफोड करने की चेतावनी दी थी. जिसके बाद सरकार द्वारा 69 करोड रुपए की निधि जारी करने से संबंधित शासनादेश जारी किया गया. परंतु अब तक मग्रारोगायो आयुक्त कार्यालय द्वारा निधि वितरण की कार्रवाई शुरु नहीं की गई है. ऐसे में यदि होली के पर्व से पहले मेलघाट के आदिवासियों सहित ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों को उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं होता है, तो आगामी 18 या 19 मार्च को प्रहार पार्टी द्वारा मग्रारोगायो के आयुक्त कार्यालय में जमकर तोडफोड आंदोलन किया जाएगा.

Back to top button