महामंडलेश्वर आम्रपाली, मुस्कान चव्हाण, रुपा चौकसे, रागिनीजी का पट्टाभिषेक
एकवीरा मंगल कार्यालय में विशाल हिंदू किन्नर व संत सम्मेलन

* पूज्य शंकराचार्य स्वामी हिमांगी सखी व ऋषि अजय दास के हस्ते किन्नरों की ‘घर वापसी’
अमरावती/दि.28 – शहर के एकवीरा मंगल कार्यालय में चल रहे 4 दिवसीय विशाल हिंदू किन्नर व संत सम्मेलन के तीसरे दिन शुक्रवार को 250 हिंदू किन्नरों की घर वापसी हुई. इस अवसर पर वैष्णव किन्नर अखाडा की पूज्य शंकराचार्य स्वामी हिमांगी सखी, ऋषि अजय दास और संत महात्मा बडी संख्या में एवं गरिमा अभिवृद्धि करते हुए उपस्थित थे. अमरावती की श्री 1008 महामंडलेश्वर आम्रपाली चौधरी, यवतमाल की महामंडलेश्वर मुस्कान चव्हाण, देउलगांव राजा की महामंडलेश्वर रुपा चौकसे, नागपुर की महामंडलेश्वर रागिनीजी, धामणगांव की महामंडलेश्वर सोनू गुरु, सागर की महामंडलेश्वर रानी ठाकुर का पट्टाभिषेक भी इस समय बडे ही उत्साह से एवं विधिविधान से किया गया. जगतगुरु काजल ठाकुर भोपाल भी इस समय उपस्थित रही. मातंगी नंदादेवी उर्फ गुड्डीबाई जगतगुरु की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को और उंचाई पर ला दिया. शनिवार दोपहर 4 बजे किन्नरों समुदाय भव्य कलश यात्रा निकालने जा रहा है. जिसकी तैयारियों में सभी जुटे हैं.
विविध धर्म में रहते हुए किन्नर के रुप में काम करने वाले हिंदू किन्नरों की घर वापसी की गई. इस दौरान लगभग 250 हिंदू किन्नरों की घर वापसी हुई. इससे पहले इन सभी हिंदू किन्नरों की शुद्धिकरण प्रक्रिया की गई. इसके अंतर्गत विधि-विधान से सभी को स्नान कराया गया और उसके बाद इनका पट्टाभिषेक किया गया. पश्चात सभी की घर वापसी हुई. इस समय प. पू. संत जगतगुरु काजल ठाकुर, जगतगुरु व भगवा पार्टी प्रदेशाध्यक्षा मातंगी उर्फ गुड्डीबाई एवं संगठन मंत्री महामंडलेश्वर मां आम्रपाली सहित अमरावती, नागपुर, भोपाल, सतना, सागर व अन्य जगहों से आये किन्नर उपस्थित रहे.
* प्रदेशाध्यक्ष पद पर गुड्डीबाई, आम्रपाली बनी प्रदेश संगठन मंत्री
घर वापसी कार्यक्रम से पहले भारतीय गणवार्ता पार्टी (भगवा पार्टी) की ओर से गुड्डीबाई को पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और आम्रपाली को प्रदेश संगठन मंत्री (महाराष्ट्र) के पद पर नियुक्त किया गया. इस दौरान दोनों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये.
* हम किसी धर्म विशेष का नहीं, मानसिकता का विरोध
सम्मेलन के दौरान मातंगी उर्फ गुड्डीबाई ने कहा कि, हम किसी धर्म विशेष का विरोध नहीं करते है, बल्कि हम जेहादी मानसिकता का विरोध करते है. उन्होंने कहा कि, हम अमरावती शहर में शांतिपूर्वक तरीके से रहते आये है. लेकिन अन्य धर्म के किन्नरों द्वारा पिछले कुछ समय से हमें परेशान किया जा रहा है. विगत दिनों में अपना गुट बढाने के लिए अन्य धर्म के किन्नरों ने हमारे साथ मारपीट की. इसके खिलाफ हमने राजापेठ पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई. लेकिन इस मामले में हमें अभी तक न्याय नहीं मिला है. पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी हम पर तलवारों से हमला किया गया. हम प्रशासन से अपील करते है कि, मामले की निष्पक्ष जांच कर हमलावर आरोपियों के खिलाफ कडी से कडी कार्रवाई की जाये. मातंगी उर्फ गुड्डीबाई ने कहा कि, हिंदी धर्मावलंबी सहिष्णु है, इसके चलते हिंदू किन्नरों पर अत्याचार किया जा रहा है. आखिर हम कब तक सहिष्णु बने रहेंगे. हममे से किसी न किसी को तो इस अत्याचार का विरोध करना ही पडेगा. प्रशासन को इस मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए. सम्मेलन हेतु करीब 1 हजार किन्नर पधारे है.