अकोला में पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी पकडी गई

2300 लीटर अवैध ईंधन जब्त

अकोला/दि.8 – अकोला जिले में पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा हुआ है. नागरी आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो दिनों के भीतर 2300 लीटर अवैध ईंधन जब्त किया गया है. इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लंबे समय से अवैध ईंधन भंडारण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं. इसी के आधार पर विशेष टीम गठित कर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई. पहली कार्रवाई बार्शीटाकली क्षेत्र में की गई, जहां एक टिनशेड गोदाम से करीब 800 लीटर डीजल बरामद हुआ. इसके बाद पातूर-मालेगांव मार्ग पर स्थित एक अन्य ठिकाने पर छापा मारकर 700 लीटर पेट्रोल और 850 लीटर डीजल जब्त किया गया.
अधिकारियों के अनुसार, दोनों स्थानों पर सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन किया जा रहा था, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी. जब्त ईंधन को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह ईंधन काले बाज़ार में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना व्यापक है. प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.

Back to top button