एडवांस पेमेंट के बावजूद पेट्रोल पंप ‘ड्राय’

कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल का स्टॉक खत्म

* चिलचिलाती धूप में कतार लगाकर खडे रहने को मजबूर वाहनधारक
अमरावती /दि.27- अमरीका व ईरान के बीच चल रहे युद्ध और खाडी देशों में व्याप्त तनावपूर्ण हालात के चलते इस समय देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों की जबरदस्त किल्लत पैदा हो गई है. क्योंकि खाडी देशों से होनेवाली कच्चे तेल व प्राकृतिक गैस की आपूर्ति लंबे समय से बाधित है. ऐसे में शहर सहित जिले के पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा पेट्रोलियम डिपो को एडवांस पेमेंट देने के बावजूद भी उन्हें पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति समय पर नहीं हो पा रही है. जिसके चलते जिले के आधे से अधिक पेट्रोल पंप ‘ड्राय’ हो गए है. जिसके चलते कई पेट्रोल पंपों पर वाहनधारकों की अपने वाहनों में पेट्रोल व डीजल भरवाने हेतु लंबी-लंबी कतारे लगी हुई है और लोगबाग पेट्रोल व डीजल भरवाने के लिए भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप में खडे रहने पर मजबूर है.
उल्लेखनीय है कि, अमरावती शहर सहित जिले के पेट्रोल पंपों में पेट्रोल व डीजल की किल्लत का सिलसिला विगत 4-5 दिनों की तरह आज भी जारी रहा और कई पेट्रोल पंपों पर स्टॉक नहीं रहने के बोर्ड लटके दिखाई दिए. जिन्हें देखकर पेट्रोल व डीजल भरवाने हेतु पहुंचे वाहनधारकों को वहां से मायूस होकर लौटना पडा. वहीं जिन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की बिक्री शुरु थी, वहां पर दिनभर वाहनधारकों की लंबी-लंबी कतारे लगी हुई दिखाई दी. इसी बीच यह जानकारी भी सामने आई कि, पहले ‘क्रेडिट’ पर मिलनेवाले पेट्रोल व डीजल के लिए अब सभी पेट्रोलियम कंपनियों ने अपने डिलर्स हेतु एडवांस पेमेंट की शर्त लगा दी है. जिसके चलते स्टॉक हासिल करने हेतु पेट्रोल पंप संचालकों को काफी समस्याओं और दिक्कतों का सामना करना पड रहा है. क्योंकि अव्वल तो उन्हे आर्थिक इंतजाम करते हुए पेट्रोलियम कंपनियों के पास माल के लिए एडवांस पेमेंट जमा करना पड रहा है और एडवांस पेमेंट देने के बाद भी 3-4 दिनों तक माल मिलने का इंतजार करना पड रहा है. साथ ही इस दौरान अपने पास उपलब्ध रहनेवाला स्टॉक खत्म हो जाने की सूरत में पेट्रोल पंप बंद रखते हुए धंधे में नुकसान उठाने के साथ ही ग्राहकों के गुस्से का भी सामना करना पड रहा है.
ऑईल कंपनियों ने पेमेंट की पद्धति को बदल दिया है. जिसके तहत पहले पेमेंट, फिर पेट्रोल की नीति तय की गई है. भले ही पेमेंट पद्धति में बदलाव हुआ है, लेकिन अमरावती शहर सहित जिले में पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. ऐसे में वाहनधारकों ने पैनीक होने की बजाए अपनी जरुरत के हिसाब से पेट्रोल खरीदना चाहिए. इस समय लोगबाग जरुरत से ज्यादा पेट्रोल व डीजल खरीद रहे है. जिसके चलते इंधन की मांग में तीन गुना वृद्धि हो गई है. जिसकी वजह से काफी समस्याएं व दिक्कते पैदा हो रही है.
– सौरभ जगताप
सचिव, अमरावती पेट्रोल पंप डिलर्स एसो.

Back to top button