ग्रामीण पुलिस में सिपाही पद भर्ती की शारीरिक जांच परीक्षा हुई पूरी

224 रिक्त पदों के लिए चल रही है भर्ती प्रक्रिया

अमरावती/दि.26- अमरावती ग्रामीण पुलिस दल द्वारा पुलिस सिपाही संवर्ग के कुल 214 रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक क्षमता जांच परीक्षा को पूर्ण कर लिया गया है. बता दें कि, 11 से 26 फरवरी तक अमल में लाई गई इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 214 पदों में से सर्वसाधारण प्रवर्ग के 69, महिला प्रवर्ग के 64, खिलाडी प्रवर्ग के 10, प्रकल्पग्रस्त प्रवर्ग के 10, भूकंपग्रस्त प्रवर्ग के 4, पूर्व सैनिक प्रवर्ग के 31, अंशकालिन पदविधर प्रवर्ग के 10, पुलिस पाल्य प्रवर्ग के 6 तथा गृहरक्षक प्रवर्ग के 10 ऐसे प्रवर्गनिहाय पदों की भर्ती प्रक्रिया की गई.
ग्रामीण पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इस भर्ती प्रक्रिया हेतु ऑनलाइन पद्धती से 21 हजार 206 आवेदन प्राप्त हुए थे. आवेदकों में 16,286 पुरुष व 4,920 महिला आवेदकों का समावेश था. 11 फरवरी 23 फरवरी के दौरान पुरुष एवं 24 फरवरी से 26 फरवरी के दौरान महिला आवेदकों के दस्तावेजों की जांच-पडताल करते हुए शारीरिक क्षमता जांच परीक्षा ली गई. प्रत्यक्ष भर्ती प्रक्रिया हेतु 16,286 पुरुष आवेदकों में से 11,878 आवेदक उपस्थित रहे. वहीं 4455 आवेदकों गैरहाजिरी रही. प्रत्यक्ष भर्ती के लिए उपस्थित उम्मीदवारों में से दस्तावेज पडताल में 28, शारीरिक उंचाई के मामले में 696 आवेदकों को अपात्र घोषित किया गया. वहीं 11,151 पुरुष उम्मीदवार शारीरिक क्षमता जांच के लिए पात्र रहे. जिसमें से 7408 आवेदक शारीरिक क्षमता जांच परीक्षा में उत्तीर्ण एवं 3742 आवेदक अनुत्तीर्ण हुए.
इसी तरह ग्रामीण पुलिस की सिपाही पद भर्ती के लिए ऑनलाइन पद्धती से 4920 महिला अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए थे. जिसमें से 3876 महिलाओं की प्रत्यक्ष भर्ती हेतु उपस्थिति रही और 1044 महिला आवेदक गैरहाजिर थी. प्रत्यक्ष भर्ती के समय दस्तावेज पडताल में 12 व शारीरिक उंचाई में 302 महिला आवेदकों को अपात्र ठहराया गया और 3574 महिला आवेदक शारीरिक क्षमता जांच परीक्षा के लिए पात्र हुई. जिसमें से 1882 महिलाएं उत्तीर्ण तथा 1692 महिलाएं अनुत्तीर्ण हुई.
भर्ती प्रक्रिया हेतु आए सभी महिला व पुरुष उम्मीदवारों की निवास व्यवस्था ग्रामीण पुलिस द्वारा वसंत हॉल में निशुल्क तरीके से की गई थी. साथ ही अपने साथ छोटे बच्चे रहनेवाली महिला प्रत्याशियों के लिए अपने बच्चे व रिश्तेदार के साथ रहने एवं बच्चे की ओर ध्यान रखने हेतु भर्ती स्थल पर हिरकणी कक्ष की स्वतंत्र व्यवस्था की गई थी. भर्ती प्रक्रिया के लिए आवश्यक नियोजन कर अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता जांच परीक्षा वातावरण में उष्णता बढने से पहले ही पूरी करने को लेकर विशेष ध्यान दिया गया था एवं संपूर्ण प्रक्रिया के दौरान जिला सामान्य अस्पताल के स्वास्थ्य विशेषज्ञों के वैद्यकीय पथक की उपस्थिति रही. सौभाग्यवाली बात यह रही कि, शारीरिक परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को गंभीर चोट नहीं आई एवं किसी भी तरह की कोई अनुचित घटना भी घटित नहीं हुई. साथ ही शारीरिक परिक्षण प्रक्रिया पूर्ण तौर पर सुचारु व पारदर्शक तरीके से पूरी हुई.

Back to top button