पीएमपीएमएल की बस को लगी आग, 50 यात्री बाल-बाल बचे

बस जलकर राख, चाकण एमआईडीसी की घटना

चाकण (पुणे)/दि.13 – निगडी से महालुंगे एमआईडीसी की तरफ जानेवाली पीएमपीएमएल की बस चाकण एमआईडीसी के महेंद्र कंपनी के सामने अचानक धधक उठी. प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक शार्ट सर्कीट के कारण यह आग लगने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है. देखते ही देखते आग ने भीषण रुप धारण कर लिया और बस पूरी तरह जलकर राख हो गई.
जानकारी के मुताबिक यह बस कामगारों के लिए विशेष फेरी के रुप में शुरु की गई थी. घटना के समय बस में 50 यात्री सफर कर रहे थे. बस से धुआं निकलने की बात ध्यान में आते ही चालक और वाहक ने सतर्कता दिखाते हुए बस को रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इस कारण बडी जीवितहानी टल गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, बस के सामने से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही समय में आग की लपटे बढने लगी. बस इलेक्ट्रीक रहने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है. शॉर्ट सर्कीट के कारण आग लगने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है. लेकिन आग लगने का कारण अधिकृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल की गाडियां घटनास्थल आ पहुंची. कर्मचारियों ने आग को काबू करने के प्रयास शुरु किए. अथक प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित किया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो गई थी. आग के कारण परिसर में कुछ समय के लिए दहशत का वातावरण निर्माण हो गया था. एमआईडीसी में कामगारों की बडी संख्या में आवाजाही शुरु रहती है. इस कारण इस घटना की वजह से यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया था. संबंधित यंत्रणा ने जांच शुरु की है. भाग्यवश इस घटना में कोई जीवितहानी भले ही न हुई हो, लेकिन बस जलकर राख होने से काफी नुकसान हो गया.

Back to top button