बस-ऑटो दुर्घटना के बाद पुलिस व राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग हरकत में

जिले के दुर्घटना-प्रवण स्थानों का निरीक्षण, 10 ब्लैक स्पॉट चिन्हित

अमरावती/दि.19 – जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने संयुक्त कार्रवाई शुरू कर दी है. हाल ही में वरुड-राजुरा बाजार रोड पर बस-ऑटो की भीषण दुर्घटना के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है और दुर्घटना-प्रवण स्थानों का व्यापक निरीक्षण किया गया. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर जिला यातायात शाखा के पुलिस निरीक्षक नितीन देशमुख ने संबंधित पुलिस थानों के अधिकारियों तथा सड़क विभाग के उपअभियंताओं के साथ मिलकर विभिन्न संवेदनशील स्थानों का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान दुर्घटना के कारणों की समीक्षा कर सुधारात्मक उपायों की रूपरेखा तैयार की गई.
निरीक्षण में कुर्‍हा क्षेत्र के कौंडण्यपुर वाय पॉइंट, चांदूर रेलवे क्षेत्र के विठोबा सावंगा फाटा, सातेफल फाटा, वरुड पुलिस स्टेशन क्षेत्र के वरुड-राजुरा बाजार रोड जैसे स्थानों को दुर्घटना-प्रवण पाया गया. जहां पर पुलिस अधिकारियों व सार्वजनिक बांधकाम विभाग के अभियंताओं ने संयुक्त रूप से सुरक्षा उपायों पर चर्चा की. इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर 10 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए. इन स्थानों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड कंट्रोल उपाय, रोड इंजीनियरिंग सुधार जल्द लागू किए जाएंगे. साथ ही उपअभियंता आकांक्षा काले ने आवश्यक कार्य तत्काल शुरू करने की बात कही है.
दुर्घटना स्थल निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत, उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष खांडेकर,पुलिस निरीक्षक अरुण ठोंसे, यातायात निरीक्षक नितीन देशमुख, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की उपअभियंता आकांक्षा काले आदि प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे. जिन्होंने दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस उपायों पर चर्चा की.
इसके साथ ही जिला यातायात शाखा ने नागरिकों से अपील की है कि, हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, स्पीड ब्रेकर व मोड़ों पर गति नियंत्रित रखें, यातायात नियमों का पालन करें. साथ ही चेतावनी दी गई है कि, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. यह कार्रवाई बताती है कि प्रशासन अब केवल दुर्घटना के बाद प्रतिक्रिया नहीं बल्कि पूर्व-रोकथाम रणनीति पर काम कर रहा है. यदि सुझाए गए उपाय समय पर लागू हुए तो जिले में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है.

Back to top button