दो युवकों व पुलिस की सतर्कता से बची गर्भवती महिला की जान
टेकडी से छलांग लगाकर आत्महत्या करने पहुंची थी 8 माह की गर्भवती महिला

* वडाली स्थित प्रथमेश तालाब की घटना, कडी मशक्कत के बाद सुरक्षित बचाया गया
* पुलिस व फायर ब्रिगेड ने दिखाई जबरदस्त सतर्कता, सक्रियता व समय सुचकता
अमरावती/दि.23 – फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के वडाली स्थित प्रथमेश तालाब के पास एक 8 माह की गर्भवती महिला द्बारा चट्टान की उंचाई पर चढकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई हैं. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस तथा दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचते हुए बडी सुझबूझ के साथ महिला को सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों के हवाले कर अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल किया गया. पारिवारिक आपसी विवाद के चलते महिला द्बारा यह कदम उठाने की जानकारी सामने आई हैं. इस मामले में पुलिस फिलहाल आगे की जांच कर रही हैं.
जानकारी के मुताबिक रविवार 22 मार्च को शाम 5 बजे के दौरान पुलिस कंट्रोल को जानकारी मिली की वडाली स्थित प्रथमेश तालाब के पास एक 8 माह की गर्भवती महिला तालाब के पास स्थित उंंची टेकडी पर खुदकुशी करने के चलते चढ गई हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस तथा फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके पर पहुंची एक तरफ गिट्टी खदान की उंचाई और दूसरी तरफ नीचे गहरे पानी का तालाब रहने से बडी घटना घटने की संभावनाओं को नकारा नहीं जा सकता था. इस समय पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने घटना का जायजा लिया तथा मामला सुलझाने के लिए मौजूद अधिकारी व कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए. इसके पश्चात मौके पर मौजूद पुलिस और फायर कर्मियों द्बारा तत्परता दिखाते हुए पीडित महिला को गलत कदम उठाने के लिए रोका गया.
* स्ट्रेचर और रस्सी के सहारे उतारा नीचे
8 माह की गर्भवती रहने के बावजूद खदान की इतनी उंचाई पर चढकर आत्महत्या की कोशिश महिला द्बारा की जा रही थी. वहीं दूसरी और तेज धूप के चलते उसकी तबियत काफी बिगड गई थी. जिसके पश्चात स्ट्रेचर और रस्सी की सहायता से महिला को कडी मशक्कत करने के बाद सुरक्षित नीचे उतार जीवित बचा लिया गया. जिससे बडी दुर्घटना टल गई.
* राहत की सांस ली
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक महिला द्बारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही हैं. महिला को सुरक्षित परिजनों के हवाले करते हुए उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. जानकारी यह भी है कि इसके पहले भी इसी तरह आपसी विवाद के चलते महिला द्बारा आत्महत्या करने का कदम उठाया गया था. रविवार 22 मार्च को पुलिस तथा फायर ब्रिगेड के अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता व त्वरित कार्रवाई के कारण एक महिला की जान बच गई. जिसके बाद स्थानीय नागरिकों ने भी राहत की सांस ली.
* ‘उन’ दोनों युवकों का होगा सत्कार
विशेष उल्लेखनीय है कि, जिस समय उक्त गर्भवती महिला प्रथमेश तालाब के पास स्थित टेकडी से नीचे छलांग लगाकर आत्महत्या करने की तैयारी में थी, उसी समय वहां से गुजर रहे मेश्राम व अंबूलकर नामक दो युवकों का ध्यान उस महिला की ओर गया, जिन्होंने तुरंत ही टेकडी के उपर दौड लगाते हुए पहुंचकर उक्त महिला के साथ बातचीत करनी शुरु की और उसका ध्यान विचलित करने के साथ ही उसे सुरक्षित ढंग से अपने कब्जे में लेते हुए पुलिस को सूचित किया. जिसके चलते उक्त महिला की जान बचाई जा सकी. ऐसे में सतर्कता व समय-सुचकता दिखानेवाले उन दोनों युवकों का अब पुलिस महकमे द्वारा सत्कार किया जाएगा.





