नाशिक सिंहस्थ की तैयारियों को मिली रफ्तार
रिंग रोड के लिए 3, 954 करोड मंजूर

नाशिक /दि.11 – नाशिक में होने वाले आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के मद्देनजर, नाशिक-त्र्यबंकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण ने बडा कदम उठाते हुए 69.15 किमी रिंग रोड के निर्माण के लिए 3,954 करोड रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दी है. इस परियोजना का उद्देश्य कुंभ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और भारी ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करना है. मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय में हुई समिक्षा बैठक की अध्यक्षता विभागीय आयुक्त डॉ. प्रवीण गेडाम ने की. रिंग रोड परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण को पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी.
अब निर्माण कार्य के लिए अगली स्वीकृति प्रदान की गई है. इसके अलावा सिंहस्थ की तैयारी के तहत विभिन्न बुनियादी ढाचे, तीर्थक्षेत्र विकास और परिवहन से जुडे 170 करोड रुपए से अधिक लागत के कई प्रकल्पों को भी मंजूरी दी गई है. प्रस्तावित रिंग रोड, डीआरडीओ जंक्शन (एनएच-60) से शुरु होकर शहर को घेरते हुए फिर उसी मार्ग से जुडेगा. इस 4/6 लेन मार्ग में 5 बडे पुल, 2 रेल्वे ओवर ब्रिज, 8 वाहन अंडरपास और सर्विस रोड शामिल होंगे. यह मार्ग 4 राष्ट्रीय राजमार्ग और 4 राज्य मार्गों को जोडेगा. इससे शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी. सिंहस्थ के दौरान यातायात दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
* ध्वज स्तंभ के लिए 7.09 करोड रुपए मंजूर
रामकुंड (नाशिक) और कुशावर्त तीर्थ (त्र्यंबकेश्वर) में ध्वजस्तंभ स्थापित करने के लिए 7.09 करोड रुपए स्वीकृत किये गये है. त्र्यंबकेश्वर के ब्रह्मागिरी क्षेत्र में छोटे और बडे प्रदक्षिणा मार्ग तथा अंजनेरी में पर्यावरण-अनुकुल पर्यटन विकास के लिए 23.12 करोड रुपए मंजूर किये गये है. एकिकृत परिवहन योजना तैयार करने आईआईएम नागपुर के माध्यम से 10.24 करोड रुपए का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा त्र्यंबकेश्वर उपजिला अस्पताल के स्थानांतरण और सुधार कार्यों के लिए 1.72 करोड रुपए मंजूर किये गये है. कावनई (कपिलधारा तीर्थ) के विकास कार्यों के लिए 27.47 करोड रुपए, चक्रतीर्थ (चाकोरे-बेझे क्षेत्र) के विकास के लिए 24.10 करोड रुपए और ताकेद में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 21.91 करोड रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.
* सुविधाजनक व्यवस्था की तैयारी
टाकली में गोदावरी-नंदीनी नदी संगम पर 300 मीटर लंबे घाट निर्माण के लिए 44.53 करोड रुपए की मंजूरी दी गई है. इससे श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी. पंचवटी क्षेत्र के मलकर्मा हाईट्स से तपोवन एसटीपी होते हुए सर्वे नंबर-357 और नांदूर गांव तक सडक विकास के लिए 20.22 करोड रुपए स्वीकृत किये गये है.





