25 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शेगांव दौरे पर
विशेष पुलिस महानिरीक्षक पोकले ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

बुलडाणा/दि.18 -राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 25 फरवरी को नियोजित शेगांव दौरे की पृष्ठभूमि पर जिला प्रशासन और पुलिस यंत्रणा तैयार हुई है. सुरक्षा और नियोजन की दृष्टि से व्यापक तैयारियां शुरु है. इस संदर्भ में विशेष पुलिस महानिरीक्षक रामनाथ पोकले ने मंगलवार 17 फरवरी को दौरे से संबंधित स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए. तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा किया.
राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था की बहुस्तरीय जांच की जा रही है. सभास्थल, हेलिपैड, विश्रामगृह तथा मार्ग पर संवेदनशील स्थानों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर सुरक्षा प्रारूप का जायजा लिया गया. बॉम्ब शोधक पथक, श्वान पथक तथा दंगा नियंत्रण पथक तैनात करने के निर्देश दिए गए है. इस समय पुलिस अधीक्षक निलेश तांबे, अपर पुलिस अधीक्षक श्रेणीक लोढा, आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता, सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे. यातायात व्यवस्थापन, आपातकालीन प्रारूप, वैद्यकीय सुविधा, स्वच्छता व प्रोटोकॉल पालन संबंधि विस्तार से सूचनाएं दी गई. पुलिस महानिरीक्षक ने सुरक्षा यंत्रणा को सतर्क रहने के निर्देश देकर कोई त्रुटियां न रहने के लिए समन्वय से काम करने का आवाहन किया. राष्ट्रपति का दौरा सुचारू व सफल होने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध होने की बात अधिकारियों ने कही.





