पद्मश्री जनार्दनपंथ बोथे का गौरवपूर्ण सम्मान
हरिना नेत्रदान समिति ने किया सम्मानित

अमरावती/दि.17 – अखिल भारतीय गुरुदेव सेवा मंडल के महासचिव जनार्दनपंथ बोथे को भारत सरकार द्वारा घोषित पद्मश्री पुरस्कार के उपलक्ष्य में उनका सम्मान करने के लिए श्री अंबादेवी संस्थान ग्रंथालय, अमरावती की ओर से विशेष सत्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम श्री अंबादेवी संस्थान के कीर्तन सभागार में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस समारोह में सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक क्षेत्र के अनेक मान्यवर उपस्थित थे. गुरुदेव सेवा मंडल के माध्यम से लंबे समय से समाजसेवा कर रहे जनार्दनपंथ बोथे के कार्यों का गौरव करते हुए उन्हें शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया.
इस कार्यक्रम में हरिना नेत्रदान समिति की विशेष उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही. समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य करने वाली हरिना नेत्रदान समिति को इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था. समिति की ओर से भी पद्मश्री जनार्दनपंथ बोथे का सम्मान किया गया. इस अवसर पर हरिना नेत्रदान समिति के कार्याध्यक्ष चंद्रकांत पोपट, अवयवदान समिति प्रमुख प्रो. मुकेश लोहीया, सदस्य डॉ. नंदकिशोर लोहाना, अविनाश राजगुरे, नितीन देशमुख, डॉ. रवि बारस्कर, संजय तिरथकर आदि मान्यवर उपस्थित थे.
उपस्थित पदाधिकारियों ने नेत्रदान और अवयवदान के संबंध में समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न उपक्रमों की जानकारी भी दी. साथ ही श्री अंबादेवी संस्थान के पदाधिकारी, सदस्य तथा विभिन्न क्षेत्रों के अतिथि बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित थे. सभी ने पद्मश्री जनार्दनपंथ बोथे के समाजसेवी कार्यों का गौरव करते हुए उनके कार्यों को सलाम किया. इस अवसर पर उपस्थित मान्यवरों ने नेत्रदान जैसे मानवतावादी कार्य के लिए हरिना नेत्रदान समिति द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी सराहना की. समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में समिति का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसा मत कई लोगों ने व्यक्त किया.





