3 नंबर स्कूल भवन को प्राथमिकता
नगरसेविका नुजहत परवीन शाकीर हुसैन का कहना

* प्रभाग-21 गत 9 वर्षों से रहा उपेक्षित
* साफ-सफाई और अभ्यासिका भी विषय सूची में
अमरावती /दि.13 – बडनेरा जूनी बस्ती प्रभाग-21 की नगरसेविका नुजहत परवीन शाकीर हुसैन ने कहा कि, वर्षों से उपेक्षित 3 नंबर मनपा शाला के अपने भवन निर्माण एवं वहां की सुविधाओं तथा शिक्षा का स्तर उंचा उठाने वे प्राथमिकता दे रही है. नगरसेविका बने दो माह बीत गये हैं. ऐसे में अमरावती मंडल से चर्चा में एमआईएम की नेता ने कहा कि, गत 9 वर्षों से जूनी बस्ती प्रभाग हर मामले में उपेक्षित रहा है. इसलिए काफी काम करने हैं. यहां स्लम एरिया है. वहां बुनियादी सुविधा उपलब्ध करवाने भी वे वरियता देगी.
* पिछडा प्रभाग, पिछडता चला गया
नुजहत परवीन शाकीर हुसैन ने साफ तौर से कहा कि, पहले ही जूनी बस्ती प्रभाग पिछडा रहा है. यहां काफी स्लम एरिया रहने के बावजूद मूलभूत सुविधाएं सडक-बिजली-पानी की दिक्कत रही है. कोरोना के बाद से तो और भी उपेक्षित हो जाने से एरिया में आज नालियां बनानी है, रोड बनाने हैं, पेयजल की भरपूर मात्रा में व्यवस्था करनी है. इन सब बातों पर वे नगरसेविका के रुप में सर्वप्रथम ध्यान देने का प्रयास करेगी. उन्होंने बताया कि, मनपा के कामकाज को देखने-समझने की कोशिश जारी है. उनके यजमान शाकीर हुसैन उर्फ पाशा भाई अपने कामकाज के लिए क्षेत्र में जाने जाते हैं. जनता के कामों के वास्ते हर समय तैयार और तत्पर रहते हैं. उन्होंने बताया कि, परिवार में दो बच्चे आतिक जुबैर और अनाया फातेमा हैं.
* 6 किमी में फैला प्रभाग
नगरसेविका नुजहत परवीन शाकीर हुसैन ने बताया कि, प्रभाग-21 देखा जाये तो 6 किमी में विस्तृत है. ऐसे में प्रत्येक नागरिक तक जनसुविधाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है. नई कालोनियां बढती है. बस्ती होते ही सबसे पहले बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराना होता है. इसलिए वे बडी बातें न करते हुए सबसे पहले मनपा के माध्यम से लोगों को जरुरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर देगी. उन्होंने बताया कि, गोपाल नगर से लेकर निंभोरा, समस्त जूनी बस्ती इस प्रभाग में शामिल है. जहां दैनंदिन सुविधाओं का विकास करना है. कामकाज की लय लगानी है. एक बार सिस्टम तैयार हो गया तो फिर केवल निगरानी का काम तेज होता है.
* 3 नंबर शाला किराए पर चल रही
एमआईएम नगरसेविका ने कहा कि, मनपा की 3 नंबर शाला 30 साल से किराए के भवन में चल रही है, जबकि वहां विद्यार्थियों की अच्छी खासी संख्या है. हमेशा एडमिशन फुल का बोर्ड लगाना पडता है. ऐसे में शाला की अपनी इमारत के लिए वे मनपा सदन में आवाज उठाएगी. उसी प्रकार जन्म प्रमाणपत्र को लेकर चल रहे बवाल के विषय में भी जनहित में आवाज उठाएगी. उन्होंने बताया कि, गरीब बच्चों को पढाई के लिए उचीत जगह उपलब्ध करवाने अभ्यासिका हेतु प्रयत्न करेगी.
* नहीं पनपनी चाहिए बीमारियां
नुजहत परवीन शाकीर हुसैन ने स्पष्ट कहा कि, अभी गर्मी का भीषण प्रकोप चल रहा है. मच्छरों की समस्या बढती है. डेंगू और डायरिया जैसी बीमारियां अशुद्ध पानी तथा मच्छरों की वजहों से पैदा होती है. उनका मानना है कि, बीमारियों को लोगों के घरों से दूर रखने के उपाय पहले ही कर लेने चाहिए. वे गर्मियों के इन दिनों में सर्वप्रथम एरिया की सभी नालियां डीप तक साफ करवाकर वहां आने वाले बारिश के सीजन में गंदा पानी एकत्र न होने देने की बात सुनिश्चित करेगी. उनके यजमान शाकीर हुसैन उर्फ पाशा भाई रोज ही प्रत्येक एरिया में साफ-सफाई पर जोर दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि, और लोगों की जो भी समस्या होगी, शिकायत होगी, उसे पार्टी और मनपा के माध्यम से हल करने का प्रयास तेज होगा.





