महिलाओं की रोजगार व्यवस्था को प्राधान्य
नवनिर्वाचित नगरसेविका मधुरा मिलिंद कहाले का कहना

* जेवड नगर, वडरपुरा, बेनोडा में महिलाओं को बनाना है आर्थिक सक्षम
* स्वयं पेशे से होमियोपैथ सेवाभावी चिकित्सक हैं बीजेपी नगरसेविका
अमरावती /दि.23 – प्रभाग-10 बेनोडा भीमटेकडी की नई नगरसेविका, बीजेपी नेत्री डॉ. मधुरा मिलिंद कहाले ने बहुत स्पष्ट कहा कि, उनकी प्राथमिकता साफ-सफाई, अच्छी सडके, नालियां, स्ट्रीट लाइट के साथ ही स्लम एरिया की महिलाओं को आर्थिक सक्षम करना है. वे अपने प्रभाग अंतर्गत बस्तियों की महिलाओं को छोटे-छोटे रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए शिबिर आयोजित करने जा रही है. साथ ही उनका मकसद महिलाओं सहित समस्त प्रभागवासियों के स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना है. अमरावती मंडल से खास चर्चा करते हुए डॉक्टर मधुरा कहाले ने महापालिका के स्वास्थ्य केंद्रों को भी मजबूत बनाने पर बल देने की बात कहीं.
* 10 वर्षों से वैद्यकीय क्षेत्र में सक्रिय
डॉ. मधुरा कहाले के यजमान मिलिंद कहाले शहर के सफल इंजिनियर होने के साथ युवा, नये विचारों से युक्त कार्यकर्ता है. डॉ. मधुरा पिछले 10 वर्षों से वैद्यकीय क्षेत्र में एक्टीव है. उन्होंने अनेकानेक रोगनिदान शिविर, उपचार सेवा शुरु कर रखी है. सामान्य लोगों के लिए मुनासिब रेट में विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवा पर डॉ. मधुरा का बल रहा है. वे बीजेपी वैद्यकीय आघाडी की सदस्य रहने के साथ अपने कार्य और कर्तव्य के प्रति प्रामाणिक, सेवाभावी स्वभाव रखती है. शांत मधुरा का लोगों से सहज संवाद प्रभावित कर जाता है. उनका कार्य का मूलमंत्र स्वास्थ्य और विकास है. कहाले दम्पति को एकलौती बेटी आरोनी कहाले है, जो होलीक्रॉस शाला की छात्रा है.
* किया स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा
डॉ. मधुरा कहाले ने अमरावती मंडल को बताया कि, मनपा के उनके प्रभाग और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों का उन्होंने दौरा किया. जिसके अंतर्गत पाया कि, दवाईयों और कुछ सुविधाओं का घोर अभाव है. एनआरएचएम के ठेका कर्मी अपेक्षित ढंग से कार्य नहीं करने की बात नई नगरसेविका ने अधोरेखित की. डॉ. कहाले ने बताया कि, वहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर उनका जोर रहेगा. महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति बहुत उदासीन रहती है. उनके लिए कार्य करने पर मधुरा कहाले बल देगी.
* रोजगार प्रशिक्षण शिविर
डॉ. मधुरा कहाले ने बातचीत के आरंभ में ही स्पष्ट कर दिया था कि, उनके प्रभाग के जेवड नगर , वडरपुरा, बेनोडा और अन्य भागों में स्लम एरिया पडता है. वहां की महिलाओं को रोजगार के अवसर देने वे शिविर आयोजित करने पर जोर देगी. उसी प्रकार महापालिका की रोजगार संबंधी योजनाओं का इन महिलाओं को लाभ दिलाने के लिए समस्त प्रयत्न करेगी. डॉ. कहाले ने कहा कि, महिलाओं का आर्थिक रुप से सक्षम होना क्षेत्र, समाज, देश के लिए व्यापक हित में है.
* स्वास्थ्य शिविर से जनसेवा
मेहरबाबा सेंटर सहित अनेक संस्थाओं से जुडी डॉ. मधुरा मिलिंद कहाले ने बताया कि, स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जनसेवा पर उनका सदैव बल रहा. 10 वर्ष पहले जब उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में कदम रखा तो स्वयं बीएचएमएस एमडी डॉक्टर होने से स्वास्थ्य सेवाओं को ही प्राथमिकता दी. जिससे काफी लोगों को फायदा हुआ है. लोगों का मेडिकल पर ही सर्वाधिक खर्च होता है. इसलिए डॉ. मधुरा दोहरा कार्य करने जा रही है. लोगों को अत्यल्प खर्च में हेल्दी रखना, बीमारियों से दूर रखना और रोजगार के छोटे-मोटे साधन उपलब्ध करवाना नगरसेविका के रुप में अपना कर्तव्य वे मानती है.