शहर के पश्चिमी क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य को लेकर हालात बदलने की रहेगी प्राथमिकता

एमआईएम के स्वीकृत पार्षद सैय्यद मुनज्जर अली का कथन

अमरावती /दि.2 – मुस्लिम बहुल क्षेत्रों की मनपा शालाओं में जबरदस्त पट संख्या रहने के बावजूद उन शालाओं में मूलभूत व शैक्षणिक सुविधाओं का सर्वथा अभाव है. यही स्थिति मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में स्थित मनपा के स्वास्थ्य केंद्रों की भी है. जहां पर बडी संख्या में मुस्लिम समुदाय के सर्वसाधारण प्रवर्ग से वास्ता रखने के लिए लोगबाग इलाज के लिए पहुंचते है. लेकिन इसके बावजूद मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा से संबंधित सुविधाओं की हमेशा ही किल्लत देखी जाती है. ऐसे में स्वीकृत पार्षद के तौर पर मेरी सबसे पहली प्राथमिकता शहर के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित मुस्लिम बहुल इलाकों में शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं एवं सुविधाओं को चुस्त-दुरुस्त करने की रहेगी, इस आशय का प्रतिपादन एमआईएम की ओर से स्वीकृत पार्षद बनाए गए सैय्यद मुनज्जर अली सैय्यद मुद्दसर अली द्वारा किया गया.
दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए एमआईएम के स्वीकृत पार्षद सैय्यद मुनज्जर अली ने उपरोक्त प्रतिपादन के साथ ही कहा कि, सरकार एवं प्रशासन द्वारा मुस्लिम बहुल इलाकों में अक्सर ही ‘टेकन एज ग्रांटेड’ लिया जाता है तथा मुस्लिम बहुल इलाकों के विकास की ओर काफी हद तक अनदेखी की जाती है. यही वजह है कि, मुस्लिम बहुल इलाकों में मूलभूत सेवाओं व सुविधाओं को उपलब्ध कराने को लेकर कभी कोई गंभीरता दिखाई नहीं देती. जिसके चलते मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में न तो ढंग से कोई साफ-सफाई होती है, नहीं ढंग की सडके बनती है और न ही सार्वजनिक उद्यानों व खेल के मैदानों का भी ढंग से विकास किया जाता है. ऐसे में इन सभी समस्याओं को दूर करते हुए मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सभी आवश्यक मूलभूत सेवाओं व सुविधाओं को उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा. जिसके तहत सबसे पहले मनपा की सभी शालाओं की शैक्षणिक गुणवत्ता को उंचा उठाते हुए मनपा शालाओं में पढनेवाले सर्वसामान्य प्रवर्ग के विद्यार्थियों हेतु सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सार्वजनिक वाचनालय व अभ्यासिका शुरु करने का भी काम किया जाएगा.

* 7 साल से अधर में क्यों लटका है चित्रा चौक-नागपुरी गेट का उडानपुल?
अपने द्वारा कही जाती बातों के लिए उदाहरण के तौर पर स्वीकृत पार्षद सैय्यद मुनज्जर अली ने चित्रा चौक से नागपुरी गेट होते हुए पठान चौक व वलगांव रोड की ओर जानेवाले उडानपुल के विगत 7 वर्षों से आधे-अधूरे पडे काम के मुद्दे की ओर ध्यान दिलाया. स्वीकृत पार्षद सैय्यद मुनज्जर अली का कहना रहा कि, इससे पहले भी शहर में तीन उडानपुल बन चुके है. जिसमें से किसी का भी काम पूरा होने में इतना लंबा समय नहीं लगा है. परंतु चूंकि यह चौथा उडानपुल शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्र में बन रहा है. जिसका काम पूरा करवाने की ओर किसी का कोई ध्यान ही नहीं है. यहां तक कि, इस उडानपुल का काम जल्द से जल्द पूरा कराने को लेकर हाईकोर्ट द्वारा सक्त निर्देश देने के बावजूद भी स्थानीय प्रशासन और संबंधित महकमों द्वारा टाल-मटोल वाली नीति अपनाई जा रही है.

* युवा पीढी को अपराधों व ड्रग्ज तस्करी से दूर कर सही रास्ते पर लाने का होगा प्रयास
इस बातचीत में स्वीकृत पार्षद सैय्यद मुनज्जर अली ने खुले दिल से स्वीकार किया कि, आज के दौर की युवा पीढी विशेषकर पश्चिम बहुल क्षेत्र में रहनेवाले कई युवा ड्रग्ज तस्करी सहित कई तरह के अपराधों में लिप्त रहते हुए गलत रास्ते पर चल रहे है. यह पूरे समाज के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है. जिसके लिए पूरी तरह से शिक्षा का अभाव रहना ही जिम्मेदार है. यदि बच्चों के लिए पढाई-लिखाई के पर्याप्त साधन व अवसर उपलब्ध रहेे, तो उन्हें गलत रास्ते पर चलने से रोका जा सकता है, इस बात को ध्यान में रखते हुए वे सबसे अव्वल तो शिक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने पर ध्यान देंगे, ताकि नौनिहालों को बचपन से ही सही राह पर रखा जाए. साथ ही साथ जो नाबालिग एवं युवा किसी कारण के चलते गलत रास्तों पर चल पडे है, उन्हें भी जरुरी समझाईश देते हुए सही राह पर लाने का पूरा प्रयास किया जाएगा.

Back to top button