शहर की निजी मेडिकल कॉलेज ने दाखिले के लिए मांगे लाखों
शिकायत करते ही झुका प्रबंधन

अमरावती/दि.18 – स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा के प्रवेश इच्छुक को अमरावती के निजी मेडिकल कॉलेज द्वारा लाखों रुपए मांगे जाने का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता का दावा रहा कि, ईएनटी की एमएस सीट के लिए उन्हें 60 लाख रुपए प्रतिवर्ष देने कहा गया. जबकि राज्य की शुल्क निर्धारण समिति एफआरए ने 42 लाख रुपए तय किये हैं.
विद्यार्थी ने प्रवेश नियामक प्राधिकरण एआरए से शिकायत की. जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने खुलासा किया कि, एफआरए के साथ कुछ गलतफहमी हो जाने से अधिक शुल्क बता दिया गया था. प्रत्याशी को उक्त मेडिकल कॉलेज में संस्थागत कोटा अंतर्गत काउंसलिंग प्रक्रिया पश्चात सीट का आवंटन किया गया है.
इस बीच खबर के अनुसार प्रवेश नियामक प्राधिकरण एआरए ने मंगलवार को इस बारे में ऑनलाइन सुनवाई ली. जिसमें महाविद्यालय की तरफ से दावा किया गया कि, फिलहाल अंतरिम शुल्क लिया जा रहा है. शुल्क निर्धारण समिति के अंतिम आदेश पश्चात पूर्ण शुल्क तय होगा. महाविद्यालय ने यह भी कहा कि, तात्कालिक शुल्क को लेकर कोई गलतफहमी हो जाने से अधिक शुल्क लिया गया होगा. कॉलेज प्रबंधन के एक अधिकारी ने मीडिया को उत्तर दिया कि, अधिक शुल्क या तो लौटा दिया जाएगा या उसे समायोजित कर लिया जाएगा. अधिकारी ने दावा किया कि, मामला निपटा दिया गया है.





