अमरावती-बडनेरा मनपा के नामकरण का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया

अमरावती/दि.20 – अमरावती महानगर पालिका का नामकरण अमरावती-बडनेरा महानगर पालिका करने से संबंधित प्रस्ताव मनपा की आमसभा में मंजूर हो चुका है. जिसे अब राज्य सरकार के पास मंजूरी हेतु भेजा गया है. उल्लेखनीय है कि, युवा स्वाभिमान पार्टी के गटनेता ज्ञानेश्वर उर्फ नाना आमले तथा पार्षद प्रा. प्रशांत वानखडे ने मनपा की आमसभा में मनपा के नामकरण का प्रस्ताव रखा था. जिसे सभी गटनेताओं तथा सत्ता पक्ष व विपक्ष के जुडे पार्षदों ने भी अपनी सहमति प्रदान की थी. ऐसे में प्रशासन द्वारा मंजूर एवं कायम हुए प्रस्ताव को अगली कार्रवाई के लिए अब राज्य सरकार के पास भेजा गया है. जिसके चलते अब राज्य सरकार की ओर से इस प्रस्ताव को लेकर उठाए जानेवाले कदम की ओर सभी की निगाहें लगी हुई है.
बता दें कि, अमरावती महानगर पालिका की विगत 20 फरवरी को हुई आमसभा में अमरावती मनपा का नाम बदलकर अमरावती-बडनेरा महानगर पालिका किए जाने से संबंधित प्रस्ताव 20 फरवरी को रखा गया था. यह प्रस्ताव रखते हुए युवा स्वाभिमान पार्टी के गटनेता नाना आमले व पार्षद प्रशांत वानखडे ने राज्य की अन्य महानगर पालिकाओं के संयुक्त नामकरण होने से संबंधित मामलों की जानकारी दी थी. इस समय सभागृह नेता चेतन गावंडे, नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, शिवसेना-बसपा के गटनेता डॉ. राजेंद्र तायडे व कांग्रेस पार्षद बबलू शेखावत ने प्रस्ताव को मंजूर एवं कायम करने हेतु अपना अनुमोदन प्रदान किया था. साथ ही साथ सत्ता पक्ष एवं विपक्ष से जुडे सभी पार्षदों ने इस प्रस्ताव को अपना समर्थन प्रदान किया था. जिसके चलते मनपा के नगर सचिव विभाग ने इस प्रस्ताव को आगे की कार्रवाई हेतु 26 फरवरी को ही राज्य सरकार के पास भेज दिया. जिसके चलते फिलहाल इस प्रस्ताव से संबंधित फाईल मुख्य सचिव के दरबार में है.
* इससे पहले भी दो बार प्रस्ताव हुआ है मंजूर
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, अमरावती महानगर पालिका का नामकरण अमरावती-बडनेरा महानगर पालिका हो, इस हेतु दिवंगत पार्षद पुरुषोत्तम येते व विजय नागपुरे सहित पूर्व पार्षद डॉ. कंचन ग्रेसपुंजे व प्रकाश बनसोड के कार्यकाल दौरान सन 2011 व 2015 में दो बार मनपा के सभागार में प्रस्ताव मंजूर किया गया था. परंतु इसके लिए सरकार से आवश्यक फालोअप नहीं किया गया. जिसके चलते नामकरण का प्रस्ताव इससे पहले दो बार मंजूर होने के बावजूद राज्य सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई. ऐसे में अब तीसरी बार नामकरण का प्रस्ताव मनपा की आमसभा में मंजूर करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए राज्य सरकार के पास भेजा गया है. जिसके चलते अब सभी का ध्यान इस बात की ओर लगा हुआ है कि, विधान मंडल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा इस प्रस्ताव पर किस तरह की गंभीरता दिखाते हुए इस प्रस्ताव को सरकारी मंजूरी दिलाने हेतु किस तरह से फालोअप लिया जाता है.

* अमरावती महानगर पालिका के नामकरण को लेकर मनपा की आमसभा में प्रस्ताव पारित करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए राज्य सरकार के पास भेजा गया है. यह प्रस्ताव फिलहाल मुख्य सचिव के पास रहने की जानकारी है, जिसे सरकारी स्तर पर मंजूरी दिलाने हेतु हमारे नेता व बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे है. जिसके चलते बहुत जल्द बडनेरा वासियों को खुशखबर सुनाई देगी और बडनेरा शहर को राज्य सहित देश स्तर पर महानगर के रुप में एक नई पहचान मिलेगी.
– ज्ञानेश्वर उर्फ नाना आमले
मनपा गटनेता, युवा स्वाभिमान पार्टी.





