पुणे मुंढवा जमीन प्रकरण
जांच रिपोर्ट अगले सप्ताह - बावनकुले

* पार्थ पवार को क्लीन चिट नहीं
छत्रपति संभाजी नगर/दि.5 – पुणे के चर्चित मुंढवा भूमि प्रकरण में पार्थ पवार को क्लीन चिट दिए जाने संबंधी खबरों पर प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने स्पष्ट कर दिया कि, इस बारे में जांच रिपोर्ट अभी अप्राप्त है. जांच कर रहे खारगे समिति ने सप्ताहभर का समय मांगा है. वह दिया गया है. फाइनल रिपोर्ट आने पर पता चलेगा.
बावनकुले बुधवार को छत्रपति संभाजी नगर के दौरे पर थे. उस समय मीडिया ने उनसे बात की. उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के पुत्र पार्थ पवार को पुणे के जमीन प्रकरण में क्लीन चिट दिए जाने संबंधी प्रश्न पर बावनकुले ने उपरोक्त बात कही. उन्होंने यह भी कहा कि, रिपोर्ट उनके पास आने तक वे इस विषय में कुछ कहना उचित नहीं समझते. जांच समिति को अवधि बढाकर दी गई है. ऐसे में कुछ नए सुराग हाथ लगते हैं क्या, यह चर्चा जोरों पर है.
महायुति सरकार इस विषय पर बडी सावधानी बरत रही है. चंद्रशेखर बावनकुले ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि, अजीत पवार की पार्टी अथवा उनके नेताओं के बारे में कोई गलत बयानी न करें. एक ओर पार्थ पवार की जांच शुरु रहते, दूसरी ओर महायुति धर्म पालन की बीजेपी नेता कवायद कर रहे हैं. 8 दिनों पश्चात रिपोर्ट आने पर क्या होता है, इस पर नजरें गडी है.





