राहुल गांधी भिवंडी अदालत में पेश, अगली सुनवाई 4 अप्रैल को

भिवंडी/दि.21 – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े मानहानि प्रकरण में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को भिवंडी की अदालत में पेश हुए. पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल चाकूरकर के निधन के बाद नए जमानतदार की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उनकी उपस्थिति आवश्यक थी. न्यायाधीश पी. एम. कोलसे की अदालत में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता राजेश कुंटे भी मौजूद रहे. अदालत में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राहुल गांधी के जमानतदार के रूप में दस्तावेज प्रस्तुत किए. अधिवक्ता नारायण अय्यर ने बताया कि मामले की अगली सुनवाई 4 अप्रैल को निर्धारित की गई है.
* किसी से मिले बिना लौटे
राहुल गांधी के अदालत पहुंचने की सूचना पर कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में परिसर में मौजूद थे, लेकिन वे किसी से मुलाकात किए बिना ही अदालत से रवाना हो गए.
* 15 मिनट पहले पहुंचे अदालत
शनिवार को सुनवाई का समय पौने 11 बजे निर्धारित था, परंतु राहुल गांधी निर्धारित समय से लगभग 15 मिनट पहले ही अदालत पहुंच गए. जमानत बॉन्ड पर हस्ताक्षर और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वे तुरंत रवाना हो गए. सांसद राहुल गांधी के आगमन को देखते हुए भिवंडी में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया था.
*क्या है मामला
2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान सोनाले में आयोजित सभा में राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की हत्या के पीछे आरएसएस का हाथ होने संबंधी बयान दिया था. इस पर संगठन के पदाधिकारी राजेश कुंटे ने अदालत में निजी शिकायत दर्ज कराई थी.
* विरोध-प्रदर्शन भी
मुलुंड टोल नाका क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाए जाने पर कांग्रेस नेताओं ने इसकी निंदा की. नगरसेवक प्रशांत लाड और उपमहापौर तारिक मोमिन ने इसे सुरक्षा में चूक बताया.

Back to top button