अमरावती में वडाली और कांग्रेस नगर में साहूकार के यहां छापा
सहायक निबंधक कार्यालय के दल ने दस्तावेज किए जब्त

अमरावती/दि.11 – दर्यापुर के सहायक निबंधक सहकारी संस्था कार्यालय में प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला उपनिबंधक शंकर कुंभार के निर्देश पर दो अलग-अलग दलों ने अमरावती शहर के वडाली और कांग्रेस नगर में साहूकारों के घर छापे मारकर कुल 19 संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए है. यह छापे वडाली के गगलानी नगर निवासी शक्तिसिंह वीरेंद्र दीक्षित और कांग्रेस नगर के सुमंत अरविंद पाटिल नामक साहूकारों के यहां आज बुधवार 11 फरवरी को दोपहर में मारे. यह कार्रवाई करीबन तीन घंटे तक चली.
जानकारी के मुताबिक दर्यापुर के सहायक निबंधक किशोर बलिंगे के नेतृत्व में चंद्रशेखर मुले, सुस्मिता सुपले, अमोल लोमटे के दल ने फ्रेजरपुरा पुलिस की सहायता से शक्तिसिंह दीक्षित के यहां सुबह 11.55 बजे छापा मारकर मकान की तलाशी ली. यह तलाशी अभियान दोपहर 2.35 बजे तक चला. इस छापे में अवैध साहूकार संबंधी 5 संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए. इसमें 2 कोरे धनादेश, स्थायी संपत्ति खरीदी खत का समावेश है.
इसी तरह चांदुर रेलवे के सहायक निबंधक किशोर इंगले के नेतृत्व में अविनाश महल्ले, चेतना कुचे और नरेंद्र आगरकर ने फ्रेजरपुरा पुलिस और पंचों के साथ कांग्रेस नगर के सुमंत पाटिल के यहां बुधवार को सुबह 11.55 बजे छापा मारकर दोपहर 2.45 बजे तक मकान की तलाशी ली. इस छापे में अवैध साहूकार संबंधी 14 संदिग्ध दस्तावेज प्राप्त हुए. इसमें 2 कोरे धनादेश, स्थायी संपत्ति खरीदी खत आदि का समावेश है. यह सभी दस्तावेज जब्त किए गए है. इन सभी जब्त दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





