होली पर रेल यात्रियों को मिलेगी बडी राहत

मध्य रेल्वे चलाएगी मुंबई-नागपुर व पुणे-नागपुर के बीच 8 विशेष ट्रेनें

अमरावती /दि.20 – होली त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेल्वे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन ऑन डिमांड योजना के तहत मुंबई, पुणे और नागपुर के बीच 8 विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की घोषणा की है. ये ट्रेनें फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च के पहले सप्ताह तक अलग-अलग तिथियों में चलाई जाएंगी.
इस संदर्भ में मध्य रेलवे द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि, आगामी 22 व 24 फरवरी को मुंबई-नागपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन नंबर 02141/02142 की दो-दो फेरियां चलाई जाएंगी. यह ट्रेन मुंबई के छत्रपती शिवाजी महाराज टर्मिनस से रात 00:20 बजे प्रस्थान करेगी तथा दोपहर 15:10 बजे नागपुर पहुंचेगी. वहीं वापसी की यात्रा हेतु यह ट्रेन नागपुर से शाम 20:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन 13:30 बजे मुंबई पहुंचेगी. दोनों ओर की फेरियों के दौरान इस ट्रेन को दादर, ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, अकोला, बडनेरा, धामनगांव, वर्धा रेलवे स्टेशनों पर स्टॉपेज दिए गए है. इस ट्रेन में 1 एसी द्वितीय श्रेणी, 6 एसी तृतीय श्रेणी, 9 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 अतिरिक्त जनरल डिब्बा रहेगा.
इसी तरह मध्य रेल द्वारा पुणे से नागपुर के बीच भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. जिसके तहत ट्रेन नं. 01469 पुणे से 3 मार्च को 15:50 बजे रवाना होगी. जिसका नागपुर आगमन अगले दिन 06:30 बजे होगा. वहीं ट्रेन नं. 01470 नागपुर से 4 मार्च को 08:00 बजे रवाना होकर रात 23:30 बजे पुणे पहुंचेगी. इसके अलावा ट्रेन नं. 01457 पुणे से 4 मार्च को 15:50 बजे रवाना होगी, जबकि ट्रेन नं. 01458 नागपुर से 5 मार्च को 08:00 बजे रवाना होकर रात 23:30 बजे पुणे पहुंचेगी. पुणे से नागपुर के बीच इन विशेष रेलगाडियों को उरुली, दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर, बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, शेगांव, अकोला, मूर्तिजापुर, बडनेरा, धामनगांव, वर्धा रेलवे स्टेशनों पर स्टॉपेज दिए गए है. इन विशेष रेलगाडियों में कोच व्यवस्था मार्गानुसार रहेगी. जिसके अनुसार एसी प्रथम, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर व सामान्य श्रेणी डिब्बे जोडे जाएंगे.
दोनों मार्गों पर चलाई जानेवाली विशेष रेलगाडियों में आरक्षण हेतु यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों के साथ-साथ आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध रहेगी. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि होली के दौरान भीड़ अधिक रहने की संभावना को देखते हुए अग्रिम आरक्षण अवश्य कराएं.

Back to top button