राजकमल फ्लाईओवर का होगा नवनिर्माण, तकनीकी व प्रशासकीय मंजूरी बाकी
लोकसभा में रेल राज्य मंत्री ने सांसद वानखडे को दिया उत्तर

* बलवंत वानखडे अगले सप्ताह मिलेंगे मंत्री और अधिकारियों से
अमरावती/दि.3 – शहर की लाइफ लाइन कहे जाते राजकमल रेलवे ओवर ब्रिज के नवनिर्माण का कार्य मंजूर किया गया है. इसके लिए आवश्यक प्रशासकीय और तकनीकी स्वीकृति शेष है. वह प्राप्त होते ही प्रत्यक्ष कार्य शुरु कर देने का वादा रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आज अमरावती के सांसद बलवंत वानखडे से किया. वानखडे ने शून्य काल में सदन में उपरोक्त महत्वपूर्ण विषय पर प्रश्न उठाया था. जिसका लिखित उत्तर रेल राज्य मंत्री ने दिया.
बलवंत वानखडे ने सदन में प्रश्न उठाया था कि, गत अगस्त महीने से राजकमल रेलवे ब्रिज का यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है. जनता की सुरक्षा की दृष्टि से यह निर्णय लेने का दावा प्रशासन ने किया है. पांच महीनों से काम शुरु नहीं हुआ है. जिसके उत्तर में मंत्री रवनीत सिंह ने बताया कि, नागरी सुरक्षा की दृष्टि से बडनेरा-अमरावती विभाग किमी 671/14-15 में स्थित पुराने ओवर ब्रिज के पुन: निर्माण को हामी भरी गई है. राज्य शासन द्वारा नियुक्त नोडल संस्था ने सुरक्षा मूल्यांकन कर रिपोर्ट दी थी. जिसके आधार पर पुराने उडानपुल का नवनिर्माण होगा. फिलहाल स्वीकृति की प्रक्रिया में उक्त विषय प्रलंबित है. आवश्यक प्रशासकीय और तकनीकी स्वीकृति मिलने पश्चात प्रत्यक्ष कार्य को गति मिलेगी.
* अगले सप्ताह उच्चाधिकारियों से भेंट
सांसद बलवंत वानखडे ने ‘अमरावती मंडल’ से चर्चा में बताया कि, राजकमल रेलवे ब्रिज का विषय अमरावती के लिए महत्वपूर्ण होने से इसके पुन: निर्माण के लिए वे शीघ्र मंजूरी के प्रयत्न करेंगे. वानखडे ने अगले सप्ताह इस विषय में रेल मंत्री और उच्चाधिकारियों से भेंट करने की जानकारी दी.
उल्लेखनीय है कि, राजकमल आरओबी को बंद किए जाने से वाहन चालक को फेरा लेकर जाना-आना पड रहा है. महीनों से ब्रिज बंद पडा है. कोई भी काम आगे नहीं बढ पाया है. बीच में समाचार आया था कि, ब्रिज गिराने के लिए 2 करोड का फंड मंजूर हुआ है. प्रत्यक्ष काम के प्रारंभ होने का इंतजार समस्त अमरावतीवासी कर रहे हैं.





