सेवाभाव से शुरु किया रमजान इफ्तार पैकेज
इमरान खान और मो. जफर की सोच को कर रहे सलाम

* केवल 50-100 रुपए में फलों की टोकरी, नमकीन आइटम भी उपलब्ध
अमरावती /दि.26 – मुंबई से आया मेरा दोस्त, दोस्त को सलाम करो, इस प्रकार की काव्य पंक्तियां किसी फिल्म में सुनी गई थी. ऐसे ही मुंबई की तर्ज पर अमरावती में भी सेवाभाव से शुरु किया गया रमजान स्पेशल इफ्तार पैकेज पहले सप्ताह में ही लोकप्रिय हो गया है. उसी प्रकार इसके संचालक इमरान खान और मोहम्मद जफर की पहल एवं सोच का स्वागत, समर्थन कर रहे हैं. केवल 50, 100, 150 रुपए में फलों की टोकरी से लेकर नाश्ते के पदार्थ यहां उपलब्ध है और रोजाना सैकडों रोजेदार यहां इफ्तार के लिए आ रहे हैं.
* मुंबई में देखा, अमरावती में शुरु किया
इमरान खान और मोहम्मद जफर ने बताया कि, रमजान के महीने में मुंबई का सफर करते समय उन्होंने वहां इस प्रकार का सेवाभाव रोजेदारों के हित में देखा था. ऐसा ही कुछ अमरावती में भी उन्होंने करने का मन बना लिया. शहर के ट्रान्सपोर्ट नगर में दुकान लेकर बाकायदा उपरोक्त बोर्ड लगाकर वे रोजेदारों को इफ्तार में सेवा देने का प्रयास कर रहे हैं.
* रोज आते 100-200 रोजेदार
इमरान खान और मोहम्मद जफर ने बताया कि, 50 रुपए से लेकर 150 रुपए तक फलों की टोकरी और भजीएं, समोसे के अलग-अलग पैकेज उनके यहां उपलब्ध है. रोजाना 100-200 लोग आने लगे हैं. फलों की टोकरी में केला, अमरुद, अनार, चीकू, सेव, अंगूर, संतरा आदि इतनी मात्रा में होता है कि, चार लोग इफ्तार कर सके. काफी लोग इस पहल को पसंद कर रहे है. उसी प्रकार संचालकों की सोच को सलाम कर रहे हैं. ट्रान्सपोर्ट नगर में शुरु हुए रमजान स्पेशल इफ्तार पैकेज के बारे में देख-सुनकर भी काफी लोग सराहना के लिए पहुंच रहे हैं.
* शरबत फ्री
कहते हैं कि, माहे रमजान में किये गये पुण्य कार्य अधिक प्रमाण में सुफल देते हैं. ऐसे में इफ्तार पैकेज लेने वाले रोजेदारों के लिए इमरान खान और मो. जफर ने शरबत सेवा फ्री रखी है. यह भी इस स्टॉल पर रोजेदारों को आकर्षित कर रहा है.





