रानीगांव घाट हादसे पर सियासत तेज

मृतकों के परिजनों को 25 लाख, घायलों को 10 लाख देने की मांग

धारणी /दि.2 – रानीगांव घाट में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. रवि राणा और नवनीत राणा ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर हादसे में मृत आदिवासी नागरिकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये तथा घायलों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है.
राणा दंपत्ति ने कहा कि मेलघाट क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में सड़क निर्माण की खराब गुणवत्ता के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. रानीगांव घाट हादसा भी कथित रूप से जर्जर और गड्ढों से भरी सड़क का परिणाम बताया जा रहा है.

* 50 करोड़ खर्च, फिर भी सड़कें बदहाल
विधायक राणा ने आरोप लगाया कि धारणी-बैरागढ़, धारणी-हरिसाल, धारणी-सावलीखेड़ा, बारातांडा, रेल्वे धूलघाट, धारणी-ढाकना-खटकली-अकोट सहित विभिन्न डामरीकरण कार्यों पर पिछले चार वर्षों में लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए गए. इसके बावजूद सड़कों की हालत अत्यंत खराब है और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं.

* ठेकेदार पर ‘मनुष्यवध’ का मामला दर्ज करने की मांग
राणा दंपत्ति ने अमरावती की बेरार इंडस्ट्रीज कंपनी पर निकृष्ट निर्माण कार्य करने का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि जांच में लापरवाही सिद्ध होती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मनुष्यवध का प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए. साथ ही, उन्होंने संबंधित शाखा अभियंता और उप अभियंता की भूमिका की भी जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Back to top button