रासेगांव में हुई घरफोडी का पर्दाफाश

तीन नाबालिग हिरासत में, 39.19 ग्राम सोना बरामद

अमरावती/दि.2 – ग्रामीण अपराध शाखा ने पथ्रोट थाना क्षेत्र के रासेगांव में हुई घरफोडी का पर्दाफाश करते हुए तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है. आरोपियों के कब्जे से 39.19 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख 73 हजार रुपये बताई गई है. 28 फरवरी को यह कार्रवाई की गई.

* बंद मकान को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, श्रीराम नगर अमरावती निवासी साधना सुभाषराव नावकार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 अगस्त 2025 से 23 फरवरी 2026 के बीच वे परिवार सहित बाहर गई थीं. इस दौरान ग्राम रासेगांव स्थित उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने अलमारी में रखे सोने के गहने व नकदी सहित कुल 12 लाख 44 हजार रुपये का माल पार कर दिया. मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.

* गोपनीय सूचना से मिला सुराग
ग्रामीण अपराध शाखा की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर दयापुर बस स्टैंड से एक नाबालिग को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया. इसके बाद दोनों अन्य नाबालिगों को भी पथ्रोट क्षेत्र से पकड़ा गया. तीनों ने मिलकर बंद घर का ताला तोड़कर सोने की चूड़ियां और चेन चोरी करने की बात स्वीकार की है.

* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत तथा अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखडे के मार्गदर्शन में की गई. बरामद आभूषण पथ्रोट पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए हैं. शेष माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं. पुलिस तीनों नाबालिगों से आगे की पूछताछ कर रही है.

Back to top button