राज्य में बोर्ड परीक्षा के 107 केंद्रों की मान्यता रद्द
दादा भुसे ने दी जानकारी

मुंबई/दि.28 -महाराष्ट्र सरकार ने कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल और अन्य कदाचार के विरुद्ध बडे पैमाने पर कार्रवाई की है. सरकार ने राज्य भर में 107 परीक्षा केंद्रों की मान्यता रद्द कर दी है. मंत्री दादा भुसे ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा को यह जानकारी दी. प्रश्नकाल के दौरान, भुसे ने कहा किं राज्य सरकार ने पिछले वर्ष की तरह ही फरवरी-मार्च 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एक निष्पक्ष और सुरक्षित माहोल सुनिश्चित करने के लिए नकल-मुक्त परीक्षा अभियान शुरू किया है.
उन्होंने कहा कि कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए क्रमशः 31 और 76 परीक्षा केंद्रों की मान्यता को 13 जनवरी के आसपास कदाचार की जानकारी मिलने के बाद रद्द करें दिया गया. उन्होंने बताया कि कक्षा 10 और 12 के सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सहित प्रमुख सुरक्षा उपाय अनिवार्य किए गए हैं. बिना सीसीटीवी वाले परीक्षा केंद्रों पर अधीक्षकों, निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों को बदल दिया गया है तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष दल और ड्रोन तैनात किए गए हैं. जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता समितियों का गठन किया गया है.
* असली बालभारती पहचानने की मुहिम
मंत्री भुसे ने कहा कि राज्य सरकार आगामी शैक्षणिक वर्ष से एक जागरूकता अभियान शुरु करेगी ताकि लोगों को सरकारी एजेंसी बालभारती द्वारा प्रकाशित असली पाठ्यपुस्तकों की पहचान करने में मदद मिल सके. सरकार ने राज्यभर में अपने क्षेत्रीय अधिकारियों को सतर्क कर दिया है कि वे निजी प्रिंटिंग प्रेसों की निगरानी करें और जहां भी आवश्यक हो, उनकी जांच करें ताकि ऐसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके.





