चांदूर बाजार जनसंवाद कार्यक्रम में केवल 15 शिकायतों का निवारण

राजस्व व ग्रामविकास के पास सर्वाधिक प्रकरण प्रलंबित

* महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति की चर्चा
चांदूर बाजार /दि.21 – राज्य के राजस्व मंत्री व जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की संकल्पना से स्थानीय तहसील कार्यालय की ओर से आयोजित जनसंवाद व शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में विविध विभागों को 93 शिकायतें व निवेदन प्राप्त हुए. उसमें से केवल 15 शिकायतों का निवारण किया गया. शेष 78 प्रकरण प्रलंबित है. विशेष यानि, शासन के स्पष्ट आदेश रहने के बावजूद भी महावितरण के वरिष्ठ अधिकारी जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रहे. जिसकी चर्चा नागरिकों द्वारा की जा रही है.
स्थानीय तिरुपति मंगल कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में राजस्व विभाग को सर्वाधिक 53 शिकायतें प्राप्त हुई. उसमें से केवल 5 शिकायतों का निराकरण किया गया. शेष 42 प्रकरण प्रलंबित है. ग्राम विकास विभाग का कामकाज भी निराशाजनक ठहरा. प्राप्त 19 शिकायतों में से एक का भी निराकरण नहीं हुआ. वहीं कृषि और भूमिलेख विभाग की प्रत्येक दो-दो शिकायतें, लोकनिर्माण विभाग की 3, जिला परिषद की 1, वनपरिक्षेत्र अधिकारी की 2 और जलसंपदा विभाग की 1 शिकायत प्रलंबित है.
दूसरी ओर आपूर्ति विभाग की सभी 5 और महिला व बालविकास विभाग की 4 शिकायतों का तत्काल निराकरण किया गया. बसस्थानक प्रमुख के पास आयी एक शिकायत का भी निराकरण किया गया. जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान 37 जमीन पट्टों का वितरण किया गया और लक्ष्मी मुक्ति योजना के संदर्भ में तीन आदेश दिये गये. जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद भी महावितरण की ओर से एक भी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित न रहने से नागरिकों द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई. 78 प्रकरण जनसंवाद कार्यक्रम में प्रलंबित रहने की जानकारी सामने आयी है.
* प्रलंबित प्रकरणों का निपटारा करें
नागरिकों द्वारा रखी गई सभी समस्याओं और प्रलंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निपटारा करें, ऐसा जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित अचलपुर के विधायक प्रवीण तायडे ने संबंधित अधिकारियों से कहा.

Back to top button