‘रिफॉर्म्स’ को बनाया जाएगा ‘फैमिली फ्रेंडली’ क्लब
नवनिर्वाचित सदस्य अमन तलडा ने बताई अपनी प्राथमिकता

* क्लब का युवा केंद्रीत विस्तार करने की भी बात कही
* हॉस्पिटीलिटी व सर्विस सहित कम्युनिटी सेक्टर में सुधार पर देंगे ध्यान
अमरावती/दि.27 – स्थानीय कैम्प परिसर स्थित रिफॉर्म्स क्लब की अमरावती शहर सहित जिले एवं समूचे विदर्भ क्षेत्र में अपनी एक प्रतिष्ठा है. ऐसे में क्लब की परंपराओं को कायम रखते हुए क्लब को और अधिक प्रतिष्ठापूर्ण बनाने हेतु नवनिर्वाचित कार्यकारिणी द्वारा काम किया जाएगा, इस आशय का प्रतिपादन रिफॉर्म्स क्लब की व्यवस्थापन समिति के नवनिर्वाचित सदस्य अमन सुभाष तलडा द्वारा किया गया. साथ ही उन्होंने रिफॉर्म्स क्लब के विकास व विस्तार को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी तय रहने की बात कही.
रिफॉर्म्स क्लब की व्यवस्थापन समिति में अपने निर्वाचन पश्चात दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए अमन तलडा ने बताया कि, सबसे अव्वल तो रिफॉर्म्स क्लब में पारिवारिक परिवेश को और अधिक बढाया जाएगा, ताकि क्लब के सदस्यों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों का भी क्लब में आना-जाना शुरु हो सके. इसके अलावा युवाओं को केंद्रबिंदू मानते हुए क्लब में युवाओं हेतु अभिप्रेत रहनेवाले उपक्रम भी शुरु किए जाएंगे. ताकि अधिक से अधिक युवाओं का रिफॉर्म्स क्लब के साथ जुडाव हो सके. इसी तर्ज पर रिफॉर्म्स क्लब में महिलाओं के लिए भी विभिन्न तरह की गतिविधियां चलाने एवं उपक्रम शुरु करने के बारे में प्रयास किए जाएंगे. साथ ही साथ क्लब में आदर-आतिथ्य संबंधी सेवाओं में सुधार करते हुए उन्हें और अधिक बेहतर किया जाएगा और क्लब के कम्युनिटी सेक्टर को भी विकसित किया जाएगा.
रियल इस्टेट सेक्टर सहित भवन निर्माण के क्षेत्र में लब्ध प्रतिष्ठित रहनेवाले श्री गोविंदा ग्रुप के संचालक व युवा उद्योजक अमन सुभाष तलडा ने खुद को रिफॉर्म्स क्लब की व्यवस्थापन समिति में सदस्य के तौर पर काम करने का अवसर प्रदान करने हेतु क्लब के सभी सदस्यों के प्रति आभार भी ज्ञापित किया और कहा कि, वे रिफॉर्म्स क्लब के सदस्यों की उम्मीदों एवं विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे तथा अपने कार्यकाल दौरान क्लब के विकास एवं विस्तार पर भी पूरा ध्यान देंगे.





