पेयजल और गंदगी से दिलानी है निजात

प्रभाग-4 जमील कालोनी की नई नगरसेविका कुबरा बानो करामत अली का कहना

* सफाई में चल रही ठेकेदार की मनमानी, परसों की मीटिंग में रखेगी विषय
अमरावती /दि.25 – वलगांव रोड के प्रभाग-4 जमील कालोनी की एमआईएम नगरसेविका कुबरा बानो करामत अली का कहना है कि, शहर में सर्वाधिक समस्याओं का अंबार उनके ही प्रभाग में है. पिछले 8 वर्षों से यहां कतई ध्यान नहीं दिया गया है. ऐसे में पेयजल की मुख्य समस्या का हल और गंदगी से प्रभागवासियों को निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता है. सर्वाधिक 13189 वोट लेकर महापालिका सदन पहुंची एमआईएम की नगरसेविका ने अमरावती मंडल से संक्षिप्त बातचीत की. उन्होंने अपने प्रभाग के एरिया के नाम बताकर कहा कि, गंदगी हटाना पर उनका फोकस रहेगा. उन्होंने आरोप किया कि, यहां साफ-सफाई को लेकर ठेकेदार का मनमाना रवैया चल रहा है. जिससे प्रभाग के लोगों को बडी दिक्कतें हो रही है. नालियां, सडक, स्ट्रीट लाइट पर तो ध्यान देना ही है. मगर सबसे पहले पेयजल की समस्या से निजात दिलाना और गंदगी दूर कर पूरे प्रभाग में स्वच्छता लाना उनकी वरियता में शामिल है.
* पेयजल के वास्ते आक्रमक
कुबरा बानो करामत अली ने कहा कि, उनके प्रभाग के कई इलाके ऐसे हैं जहां पानी को लेकर त्राहि त्राहि मची है. अब गर्मियां शुरु हो गई है, तो समस्या अधिक विकट हो जाती है. पेयजल के मुद्दे पर नगरसेविका कुबरा बानो आक्रमक रुख अपनाएं हुए है. उन्होंने बताया कि, पानी का मसला बडा है. इसके लिए वे समर्थकों के साथ आंदोलन करने का मूड बना रही है.
* यह एरिया है पानी समस्या ग्रस्त
कुबरा बानो ने बताया कि, पिछले कई वर्षों से इलाके मेें नगरसेवक न होने से कई प्रमुख, ज्वलंत समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया. इसी में पेयजल का मुद्दा सबसे गंभीर है. अकबर नगर, गुलिस्ता नगर, सबा नगर, दारा नगर, इमाम नगर, हुसैन नगर, ऐहतेश्याम नगर, बिस्मिल्ला कालोनी, लालखडी, रजा नगर आदि इलाकों में प्रभागवासी पेयजल की समस्या से रोज 2-4 हो रहे हैं. पाइप-लाइन बिछाई गई है. किंतु लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा है. ऐसे में नगर सेविका के तौर पर उनका सर्वप्रथम काम पेयजल की दिक्कत हल करना है.
* सबसे गंदा प्रभाग
कुबरा बानो ने अमरावती मंडल से चर्चा में दो टूक बात की. आपने कहा कि, कहने में शर्म लगती है, मगर हमारा जमील कालोनी प्रभाग-4 शायद पूरे अमरावती में सबसे गंदा प्रभाग कहा जा सकता है. यहां साफ-सफाई का नामो निशान नहीं है. उसी प्रकार ठेकेदार मनमाने अंदाज में काम कर रहे हैं. नगरसेविका बनने के बाद भी उनकी शिकायतों पर ठेकेदार ध्यान नहीं दे रहे. इसलिए वे दो रोज बाद मनपा आयुक्त और महापौर द्वारा बुलाई गई विशेष सभा में अपने प्रभाग की साफ-सफाई का मुद्दा सप्रमाण रखेंगी. लोगों को गंदगी, कुडा कर्कट से निजात दिलाना उनकी जिम्मेदारी है. कुबरा बानो के पुत्र इकबाल साहिल कहते हैं कि, उनके प्रभाग में सफाई और पेयजल के अलावा भी मसलात का अंबार है धीरे-धीरे यह मसलात हल करने का प्रयास होगा.
* बैकवर्ड प्रभाग, काफी काम करने हैं
इकबाल साहिल बताते हैं कि, उनका प्रभाग निश्चित ही स्लम एरिया में गिना जाता है. अनेक वर्षों से यहां विकास कार्य न के बराबर हुए हैं. इसलिए स्ट्रीट लाइट से लेकर सडकें, नालियां सभी प्रकार के काम होने हैं. साहिल ने बताया कि, पानी की समस्या तो इतनी गहरी है कि, लोगों को मीटर लगे हैं, पानी के बिल भी हजारों में आ रहे हैं. मगर मजाल है कि, नागरिकों को एक घडा भी पानी मिला होगा.
उल्लेखनीय है कि, नगरसेविका कुबरा बानो के यजमान करामत अली पहले डक्टींग, एयर कंडिशनर का काम करते थे. परिवार में चार बेटे हैं. अपनी पार्टी एमआईएम की विचारधारा और रणनीति के अनुरुप विकास कार्यों पर उनका जोर रहने वाला है.

Back to top button