गर्मी से राहत, 4 डिग्री लुढका पारा

अमरावती आज 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज

* पश्चिम विदर्भ में सर्वत्र धूप की तल्खी हुई कम
अमरावती/दि.17 – तीन दिनों तक देश और विदर्भ में सर्वाधिक हॉट रहने वाले अमरावती को आखिरकार आज जाकर राहत प्राप्त हुई है. प्रादेशिक मौसम विभाग नागपुर के अनुसार अमरावती में आज पारा सीधे 4 डिग्री लुढककर 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की जानकारी है. पश्चिम विदर्भ में वाशिम छोडकर सभी स्थानों पर गर्मी से और तेज धूप से राहत देखी जा रही है. यह वातावरण अगले दो-तीन दिन कायम रहने की संभावना व्यक्त की गई. मौसम विभाग ने बताया कि, 20 मार्च के बाद दोबारा पारा चढना शुरु होगा. तब 40-42 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है.
उधर अमरावती के प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रा. डॉ. अनिल बंड ने पश्चिम विदर्भ के कुछ भागों में खासकर यवतमाल में बेमौसम बरसात की संभावना व्यक्त की है. उन्होंने बताया कि, 18 और 19 मार्च को यवतमाल में कई जगहों पर बारिश की संभावना है. अमरावती में कल कुछ स्थानों पर हलकी बरसात या बूंदाबांदी के आसार है. प्रा. बंड ने कहा कि, मार्च में रिकॉर्ड तोड धूप तपने के पश्चात अब बादलों के डेरे और उत्तर से आ रही शीतल हवाओं के कारण गर्मी से थोडी राहत मिली है. यह राहत अगले दो दिन कायम रहेगी. प्रा. बंड ने लोगों को मौसम के बदलते तेवर में अधिक सावधान रहने कहा है. मार्च में आसमान से बरसती आग के कारण पश्चिम विदर्भ खासकर अमरावती और अकोला थर्रा उठे थे. प्रशासन ने भी लोगों को तेज धूप से बचाव के उपाय अपनाने का आवाहन किया था. उतना ही नहीं गत 20-22 वर्षों में पहली बार इतना गर्म मार्च माह रहने का दावा जानकारों ने भी किया था.

Back to top button