टीन शेड में मिले पशुओं की हड्डियों के अवशेष

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

* वलगांव मार्ग की घटना
अमरावती /दि.10 शहर के गाडगे नगर थाना क्षेत्र में वलगांव रोड पर एक प्लॉट में पशुओं के हड्डियों के अवशेष मिलने से हडकंप मच गया. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
जानकारी के अनुसार गाडगे नगर थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस को गोपनीय जानकारी मिली कि, वलगांव रोड पर नाज स्टील गोदाम के पास लगभग 100 मीटर दूरी पर स्थित अनवर खान के लेआउट के एक प्लॉट में बने दो टीन शेड में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पशुओं के हड्डियों के अवशेष जमा करके रखे गए थे. रविवार को रात 12 बजे गाडगे नगर पुलिस थाने में कार्यरत पुलिस उपनिरीक्षक धनंजय रत्नपारखी को गोपनीय सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान टीन शेड में बडी मात्रा में पशुओं के हड्डियों के अवशेष पाए गए. पुलिस के अनुसार, मुख्य सडक के पास इस तरह के अवशेष जमा करने से आने-जाने वाले लोगों के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है और संक्रामक बीमारियां फैलने की संभावना भी बन सकती है. हालांकि यह अवशेष किसने और किस वजह से रखे इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है. जानकारी यह भी है कि, इस मामले का खुलासा होने के चलते शहर में अवैध तरीके से कत्लखाना शुरु रहने की जानकारी भी मिली है. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया. कुछ अवशेष को जब्त करते हुए जांच के लिए भेजा गया. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरु कर दी है.

 

Back to top button