बडनेरा नई बस्ती में बार-बार बिजली कटौती से जनता परेशान

चारों वाईएसपी पार्षदों ने अधिकारियों से मांगा जवाब

अमरावती/दि.7- बडनेरा नई बस्ती क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण नागरिकों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. दिन-रात अनियमित रूप से बिजली जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. नागरिकों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए प्रभाग क्रमांक 22 के पार्षद अजय जयस्वाल, किशोर जाधव, पार्षद रजनी डोंगरे एवं गौरी मेघवाणी ने आज नागरिकों की उपस्थिति में बिजली वितरण विभाग के कनिष्ठ अभियंता से जवाब-तलब किया. इस दौरान अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए.
पार्षदों ने विशेष रूप से ध्यान दिलाया कि कई दिनों से दिन के समय बिना किसी कारण बिजली चालू रहती है, जबकि रात में बार-बार कटौती की जा रही है, जो अत्यंत गंभीर समस्या है. उन्होंने सभी शिकायतों का शीघ्र निवारण करने और आगामी बारिश से पहले आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए. बैठक में क्षेत्र की विभिन्न बिजली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. इस अवसर पर हरभजनसिंग सलुजा, शैलेश मेघवानी, प्रा. अमोल मिलखे, मुश्ताक शेख, पवन भिंडा, सचिन पवार, रामू अग्रवाल, राज भैरव, सोनू बबेरवाल, सरगम मोहोड, प्रेम, गवई काकू सहित रेलनगर और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में महिला व पुरुष नागरिक उपस्थित थे. नागरिकों के बढ़ते आक्रोश के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है. हालांकि, अब यह देखना अहम होगा कि समस्या के समाधान के लिए कितनी तेजी और प्रभावी कदम उठाए जाते हैं.

Back to top button