होली मनाने रिसोर्ट्स, फार्म हाउस और मैदान होने लगे बुक
पूल पार्टी के लिए 80 फीसदी फार्म हाउस हुए बुक

* सुकून के लिए जंगल रिसॉर्ट्स की ओर रुख
अमरावती/दि.26 – रंगों और उमंगों का त्योहार होली जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, शहर और ग्रामीण में जश्न की तैयारियां तेज हो गई है. बाजारों में गुलाल और पिचकारियों की दुकानों पर भीड बढने लगी है. वहीं इस बार लोग होली को खास और यादगार बनाने के लिए पहले से ही लंबी प्लानिंग कर रहे है. बदलते समय के साथ होली मनाने का ट्रेंड भी बदलता नजर आ रहा है. अब लोग कॉलोनियों और मोहल्लों तक सीमित रहने के बजाए परिवार और दोस्तों के साथ सुरक्षित व प्राइवेट माहौल में सेलिब्रेशन को प्राथमिकता दे रहे है.
पिछले कुछ सालों से होली को लेकर ट्रेंड काफी बदलते देखा गया है. यही वजह है कि, शहर और आउटर में स्थित होटल, फार्म हाउस और रिसॉर्ट्स की एडवांस बुकिंग तेजी से हो रही है. कोई पूल पार्टी की मस्ती चाहता है, तो कोई शहर की भीड-भाड से दूर प्रकृति की गोद में सुकून तलाश रहा है. युवा जहां डीजे की धुन और पूल पार्टी के साथ होली मनाना चाहते है, वहीं कई परिवार शांत और प्राकृतिक माहौल में त्योहार मनाने के इच्छुक है. ऐसे में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्थित रिसॉर्ट्स की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है.
खासकर पोहरा मार्ग, चांदुर रेलवे मार्ग, परतवाडा, धारणी, चिखलदरा, मोर्शी आदि मार्ग पर स्थित रिसॉर्ट्स पर्यटकों की पहली पसंद बने हुए है. 3, 4 और 5 मार्च के लिए अधिकांश रिसॉर्ट्स हाउलफुल हो चुके है. ऐसी जगह पर विशेष तौर से लोगों के लिए नेचर वॉक के साथ ऑर्गेनिक और हर्बल रंगो से पारंपरिक होली खेलने की व्यवस्था की जा रही है.
* फार्म हाउस में पूल पार्टी की जबरदस्त डिमांड
इस बार शहर में सबसे ज्यादा क्रेज पूल पार्टी का देखा जा रहा है. युवा वर्ग और पारिवारिक समूह ऐसी जगहों की तलाश में है, जहां रंगों के साथ पानी की मस्ती भी हो सके. शहर से लगे आउटर इलाकों के फार्म हाउस की मांग तेजी से बढी है और करीब 80 प्रतिशत फार्म हाउस पहले ही बुक हो चुके है. संचालकों के अनुसार होली के दौरान एक या दो दिन के लिए फॉर्म हाउस का किराया 20 हजार से 30 हजार रुपए तक पहुंच गया है. इन पैकेज में लग्जरी रुम, भोजन, डीजे साउंड सिस्टम, रेन डांस सेटअप और स्विमिंग पूल एक्सेस जैसी सुविधाएं शामिल है. 4 मार्च के मुख्य आयोजन के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग कराई जा रही है. सुरक्षा और प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए लोग फार्म हाउस को प्राथमिकता दे रहे है.





