देशी शराब की दुकान पर सेवानिवृत्त रेलकर्मी की हत्या
मामूली विवाद पर हुई मारपीट में गंवानी पडी जान

* मंगरुल दस्तगीर थाना क्षेत्र के विटाला ग्राम की घटना
अमरावती /दि.10- शराब पीते समय किसी बात को लेकर उपजे विवाद के चलते एक सेवानिवृत्त रेल्वे कर्मचारी की लाथोघुसों से बेदम मारपीट कर हत्या कर दी गई. यह सनसनीखेज घटना धामणगांव रेल्वे तहसील में आने वाले मंगरुल दस्तगीर थाना क्षेत्र के विटाला ग्राम की देशी शराब दुकान में सोमवार 9 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे के दौरान घटित हुई. मृतक का नाम गुंजखेड पुलगांव निवासी अनिल सुखदेव अव्हाड (63) है.
जानकारी के मुताबिक विटाला ग्राम की देशी शराब दुकान में सोमवार को दोपहर 2.30 बजे के दौरान अनिल अव्हाड यह शराब पीने के लिए गये थे. शराब पीते समय उनका किसी व्यक्ति के साथ विवाद हो गया. विवाद इस कदर बढ गया कि, संबंधित व्यक्ति ने अनिल को लाथोघुसों से बेदम पीटा. इस मारपीट में उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मंगरुल दस्तगीर पुलिस को मिलते ही थानेदार शरद अहेर अपने दल के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे. फॉरेंसिक दल को भी घटनास्थल बुलाया गया. इस घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए धामणगांव के ग्रामीण अस्पताल पहुंचा दिया. हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.





