सेवानिवृत्त रेल कर्मी की हत्या मोबाइल झपटने के प्रयास में हुई

विटाला ग्राम के हत्याकांड में गांव के तीन लोग गिरफ्तार

अमरावती/दि.11- धामणगांव रेलवे तहसील में आनेवाले मंगरुल दस्तगीर थाना क्षेत्र के विटाला ग्राम की देशी शराब की दुकान पर एक 63 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी की मारपीट में हत्या कर दी गई थी. यह हत्या मोबाइल झपटने के विवाद पर हुई. पुलिस ने विटाला ग्राम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बता दें कि, विटाला के देशी शराब दुकान के पास वर्धा जिले के गुंजखेडा ग्राम निवासी अनिल सुखदेवराव आव्हाड नामक सेवानिवृत्त कर्मचारी की 9 फरवरी को दोपहर 3.30 बजे के दौरान विटाला ग्राम के ही अमोल विजय समरित (32), घनश्याम निखाते (40) और संजू उर्फ संजय महादेव दिघोरे (27) ने जेब से मोबाइल झपटने का प्रयास करते समय हुई मारपीट में दीवार पर सिर पटककर हत्या कर दी थी. मृतक के भतीजे अमोल आव्हाड (40) द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मंगरुल दस्तगीर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उपविभागीय पुलिस अधिकारी अशोक थोरात और थानेदार शरद अहेर के मार्गदर्शन में मामले की जांच जारी है.
* आरोपी दो दिन के रिमांड पर
तीन आरोपियों को सोमवार की रात गिरफ्तार किया गया. मंगलवार 10 फरवरी को तीनों आरोपियों को धामणगांव के न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है.

Back to top button